दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने फ्लाइदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की. स्मित फिलहाल दुबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है. उन पर उड़ान के दौरान उनके को-पायलट ने हमला किया था. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने और इस तरह 172 यात्रियों और क्रू सदस्यों की जान बचाने के लिए स्मित की दुनिया भर में तारीफ हो रही है.
172 यात्रियों को बचाने वाले कैप्टन स्मित से मिले दुबई के प्रिंस, माथा चूमकर बोले- 'गर्व है'
Flydubai के भारतीय पायलट कैप्टन Smit Machchhar से दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने अस्पताल में मुलाकात की. को-पायलट के हमले में घायल होने के बावजूद स्मित ने cockpit का दरवाजा खोलकर यात्रियों और crew को हमलावर तक पहुंचने का मौका दिया था.

इस मुलाकात के बाद प्रिंस ने पायलट की खूब तारीफ की. इस मुलाकात की तस्वीर को उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा,
हमारी और देश के नेतृत्व की ओर से उन्हें हमारी पूरी तारीफ और सराहना है. हमें गर्व है कि वह हमारी टीम का हिस्सा हैं. हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और उस चीज का हिस्सा हैं जिसके लिए UAE खड़ा है. दया का देश, शांति का देश और जीवन का देश.
दुबई क्राउन प्रिंस ने हॉस्पिटल में कैप्टन स्मित मच्छार से बात की. उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार का माथा चूमा और उन्हें गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया. साथ ही उन्होंने स्मित के जल्द ठीक होने की दुआ की. कैप्टन मच्छार दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई फ्लाइट के कैप्टन थे. ओमान के नागरिक हमाम उनके को-पायलट थे. हमाम ने अचानक कॉकपिट क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से कैप्टन पर हमला किया ताकि प्लेन को क्रैश किया जा सके.
(यह भी पढ़ें: इजरायल के स्वतंत्रता दिवस की मशाल जलाएंगे कैप्टन स्मित, नेतन्याहू ने PM मोदी को भी दिया न्योता)
जब दोनों पायलटों के बीच हाथापाई हुई तो प्लेन कुछ ही मिनटों में हजारों फीट नीचे गिर गया और क्रैश होने की कगार पर था. मुश्किल हालात के बावजूद बेहतरीन सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों को अलर्ट किया. इसके बाद कुछ यात्री कॉकपिट के अंदर दौड़े. उन्होंने हमलावर को काबू किया और प्लेन को संभाला. इसके बाद यात्रियों में मौजूद पायलटों ने प्लेन को लैंड कराया. फिलहाल स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है.
वीडियो: फ्लाईदुबई के को-पायलट हमले को यूएई ने आतंकी हमला क्यों माना?









