बंगलुरु में एक डॉक्टर साहेब अपनी मर्सिडीज लेकर भिड़ लिए. भिड़े भी तो ऐसा भिड़े कि डेढ़ किलोमीटर तक भिड़ते ही चले गए. दुखद ये रहा कि इस एक्सीडेंट में एक बाइक सवार की मौत हो गई. डॉक्टर साहेब की फैमिली बोल रही है कि उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था. कुछ लोग कह रहे हैं डॉक्टर साहेब शराब के नशे में टल्ली थी. जांच चालू आहे. बंगलुरु में रहने वाले डॉ. शंकर रविवार सुबह अपनी मर्सिडीज़ लेकर निकले. फिर पता नहीं क्या हुआ, एक के बाद एक गाड़ियों से भिड़ते ही चले गए. बंगलुरु के अशोर पिलर के पास डॉ शंकर अपनी कार से पहले एक स्विफ्ट कार और फिर दो टू व्हीलर से टकरा गए. इसके बाद गाड़ी रोकने के बजाय उन्होंने गाड़ी आगे बढ़ा दी. लगभग आधा किलोमीटर आगे जाकर एक टाटा इंडिका और दो टू व्हीलर को फिर ठोकर मारी. इन टक्करों की वजह से पीछे से आ रही ज़ेन बेकाबू होकर एक पोल से टकरा गई. हादसे के वक्त उनकी नौकरानी सरिता और उसकी दो साल की बेटी भी गाड़ी में थी. शुक्र ये रहा कि दोनों को कोई चोट नहीं आई. हालांकि, पुलिस के पल्ले पड़ने से पहले भीड़ ने डॉक्टर साहब को भी ठोक दिया. फिलहाल, डॉक्टर शंकर अस्पताल में हैं.

विल्सन गार्डन ट्रैफिक पुलिस ने डॉ. शंकर के खिलाफ आइपीसी की धारा 304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. डॉ. शंकर के ब्लड सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है. उनके परिवार वालों का कहना है कि हादसे के वक्त उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसकी वजह से ये हादसा हुआ.

याद रहे कि बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है. जिसके मुताबिक, नशे में गाड़ी चलाने और गाड़ी चलाते वक्त फोन इस्तेमाल करने वालों का लाइसेंस रद्द किया जाए.
देखिए हादसे का वीडियो
https://twitter.com/ANI_news/status/714301523778404353