The Lallantop

'दुनिया को डराने के लिए तमाशा...', ट्रंप-जेलेंस्की बवाल पर अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने 'असली बात' खोलकर रख दी

Trump Zelensky Clash: ‘द सन’ ने 'द वॉइट हाउस' को ‘द फाइट हाउस’ लिखा. अखबार ने लिखा कि यूक्रेन के हीरो पर घात लगाकर हमला किया गया. साथ में ट्रंप की एक तस्वीर भी छपी, जिसमें वो जेलेंस्की की ओर उंगली दिखा रहे थे.

Advertisement
post-main-image
कई अखबारों ने लिखा है कि ट्रंप ने जेलेंस्की का अपमान किया है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच हुई बहस (Trump Zelensky Clash) पर दुनिया भर की नजर है. इस विवाद में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल थे. रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन को अमेरिका का समर्थन हासिल रहा है. जेलेंस्की ट्रंप के सत्ता में आने के बाद भी इस समर्थन को जारी रखना चाहते हैं. इसीलिए वो अमेरिका के पास ‘मिनरल राइट्स डील’ लेकर गए थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

प्रतिष्ठित अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट ने ट्रंप और जेलेंस्की की इस मुलाकात को विवादास्पद बताया है. साथ ही ये भी आशंका जताई कि इस बहस के बाद अमेरिका यूक्रेन से अपना समर्थन वापस ले सकता है. अखबार ने लिखा,

यूक्रेन के राष्ट्रपति अमेरिका गए थे, ताकि ट्रंप को समझा सकें कि वो यूक्रेन का साथ न छोड़ें और रूस का समर्थन न करें. लेकिन ट्रंप का जवाब गुस्से से भरा था. जेलेंस्की एक समझौता करने गए थे, जिससे अमेरिका को यूक्रेन के प्राकृतिक संसाधनों तक कुछ हद तक पहुंच मिलती. यूक्रेन को उम्मीद थी कि इससे अमेरिका उसको और मजबूती से सुरक्षा देने के लिए तैयार होगा, खासकर रूस के खिलाफ युद्ध में. लेकिन बैठक बिना किसी समझौते के खत्म हो गई. ट्रंप ने जेलेंस्की को वॉइट हाउस से ‘बाहर का रास्ता दिखा दिया’. उन्होंने ऐसा संकेत दिया कि अमेरिका यूक्रेन को दी जा रही मदद पूरी तरह बंद कर सकता है.

Advertisement

अखबार ने बताया कि इस बैठक के बाद जेलेंस्की को एक न्यूज कॉन्फ्रेंस में भाग लेना था. लेकिन इसके बाद वो सीधे अपनी बख्तरबंद गाड़ी में बैठ गए. उनके साथ आए यूक्रेनी अधिकारी भी उनके पीछे एक वैन में बैठकर चले गए. इनमें से अधिकतर कनफ्यूज दिख रहे थे.

ये भी पढ़ें: 43 लाख करोड़ की 'मिनरल डील' की अंदर की कहानी, जिसने पूरी दुनिया में ट्रंप-जेलेंस्की का तमाशा बना दिया

आवाजें तेज हुईं, आंखें दिखाई गईं

अमेरिका के एक और जाने माने अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी लिखा कि ट्रंप ने यूक्रेन से समर्थन वापस लेने की धमकी दी. उन्होंने लिखा,

Advertisement

जेलेंस्की को उम्मीद थी कि रूस के साथ युद्ध विराम वार्ता में उन्हें अमेरिका का साथ मिलेगा. लेकिन ओवल ऑफिस में जो कुछ हुआ, उससे उनके और ट्रंप के खराब रिश्ते उजागर हो गए. बैठक में अपमान का माहौल बन गया. अमेरिकी नेताओं ने जेलेंस्की को फटकार लगाई. ट्रंप ने कई बार अपनी आवाज ऊंची की और उनको डांटा. पिछले तीन सालों से यूक्रेन अमेरिकी समर्थन पर निर्भर है. ट्रंप प्रशासन को खुश करने के लिए वो मिनरल राइट्स डील करना चाहते थे. इसके लिए वो हफ्तों से कोशिश कर रहे थे. 

यूनाइटेड किंगडम के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान द गार्जियन ने लिखा,

ट्रंप ने जेलेंस्की को चेतावनी दी और कहा कि जब वो शांति के लिए तैयार हों, तब वापस आएं. इसके बाद जेलेंस्की वहां से चले गए. मिनरल डील के एलान के लिए होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी गई. ये बैठक बंद दरवाजे के पीछे होनी थी, लेकिन ओवल ऑफिस में अमेरिका के विरोध का खुला प्रदर्शन किया गया और फिर इसे बीच में ही रोक दिया गया. ट्रंप ने एक बयान जारी किया और कहा दोनों देशों ने मिनरल डील पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं. वॉइट हाउस में पहुंचने के बाद भी, ट्रंप ने यूक्रेनी नेता पर शारीरिक रूप से हावी होने की कोशिश की. पत्रकारों से कहा कि जेलेंस्की मिलिट्री वाले काले रंग के कपड़े पहनकर आए थे. ट्रंप इस पर भी शिकायती लहजे में थे. रूस से युद्ध शुरू होने के बाद से जेलेंस्की इसी तरह के कपड़े में दिखते रहे हैं. तब से उन्हें सूट में नहीं देखा गया है.

कतर से संचालित होने वाले मीडिया संस्थान अलजजीरा ने लिखा कि वॉइट हाउस में अचानक से माहौल बिगड़ गया. ट्रंप चिल्लाने लगे और जेलेंस्की को अमेरिका से मिले समर्थन के लिए आभार जताने को कहा. 

दुनिया भर के टीवी कैमरों के सामने तमाशा

ब्रिटिश मीडिया संस्थान BBC ने लिखा,

असाधारण. एक तमाशा. अपमान. ये कुछ चुनिंदा शब्द थे जो इस बैठक के लिए लिखे गए. हमारे कुछ साथी ओवल ऑफिस के अंदर इस शोरगुल भरे माहौल को देख रहे थे. उन्होंने बताया कि बैठक की शुरुआत सामान्य शिष्टाचार के साथ हुई, लेकिन जल्द ही यह पूरी तरह से किसी और चीज में बदल गई. आवाजें तेज हुईं, आखें दिखाई गईं, निंदा की गई. और ये सब दुनिया भर के टीवी कैमरों के सामने हुआ. इस पर पूरी दुनिया से प्रतिक्रियाएं आईं. 

दुनिया को डराने के लिए तमाशा किया गया

लंदन से छपने वाले अखबार डेली मेल ने इस बैठक को एक ऐसा तमाशा बताया है, जो दुनिया को डराने के लिए किया गया. उन्होंने लिखा कि ओवल ऑफिस में आवाज तेज करने की होड़ लगी थी. अखबार ने लिखा,

ट्रंप ने लाइव टीवी पर जेलेंस्की को अपमानित किया.

Trump Zelensky
‘द फाइट हाउस’

यूनाइटेड किंगडम के एक टैब्लॉयड ‘द सन’ ने 'द वॉइट हाउस' को ‘द फाइट हाउस’ लिखा. अखबार ने लिखा कि यूक्रेन के हीरो पर घात लगाकर हमला किया गया. साथ में ट्रंप की एक तस्वीर भी छपी, जिसमें वो जेलेंस्की की ओर उंगली दिखा रहे थे.

वीडियो: दुनियादारी: डॉनल्ड ट्रंप क्यों बेच रहे अमेरिका की नागरिकता? ग्रीन कार्ड से कितना अलग है अमेरिकन गोल्ड कार्ड?

Advertisement