कांग्रेस नेता राहुल गांधी चीफ इलेक्शन कमिश्नर (CEC) ज्ञानेश कुमार (CEC Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने बीते दिनों दिल्ली में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया. अब राहुल गांधी ने 10 अक्टूबर को एक वीडियो जारी किया है. इसमें CEC ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और RSS प्रमुख मोहन भागवत पर हमला बोला है. राहुल गांधी ने इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल को भी निशाने पर लिया है.
PM मोदी को पोस्टर में दिखाया 'मोगैंबो', राहुल गांधी बोले- 'लोकतंत्र बर्बाद कर दिया'
राहुल गांधी ने 10 अक्टूबर को जारी वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और NSA अजित डोभाल पर निशाना साधा. इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी को ‘मोगैम्बो’ के रूप में दिखाने वाला पोस्टर शेयर किया और आरोप लगाया कि इन लोगों को इंसाफ के कटघरे में लाया जाएगा.

इससे पहले इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बोलते हुए भी राहुल गांधी ने NSA पर हमला बोला था. राहुल गांधी ने डोभाल पर लोगों के फोन की जासूसी करने और उनके वॉट्सऐप और फेसबुक कम्युनिकेशन तक पहुंचने का आरोप लगाया. राहुल ने ये तक कह दिया कि डोभाल देश को कंट्रोल करने के लिए 6 सदस्यों वाले सिस्टम का हिस्सा थे.
अब 10 अक्टूबर को फिर से राहुल गांधी के निशाने पर वही NSA डोभाल हैं.
बेंगलुरू में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा,
मैं नरेंद्र मोदी, RSS और इनसे जुड़े लोगों के खिलाफ एक दशक से भी ज्यादा समय से लड़ रहा हूं. मैं अपने विरोधियों को उतनी अच्छी तरह समझता हूं, जितना कोई भी अपने प्रतिद्वंद्वी को समझता है. मैं इन्हें अंदर तक जानता हूं. इनकी हर चाल से वाकिफ हूं. इन लोगों की सबसे बड़ी पहचान है कायरता. नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार, अजित डोभाल. इस कहानी के खलनायक अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं. इनके चारों तरफ से दायरा सिमट रहा है.
राहुल गांधी ने ये वीडियो ऐसे वक्त में शेयर किया, जब दिल्ली में पुलिस सीजेपी के प्रोटेस्ट में आए लोगों की धरपकड़ कर रही थी. अभिजीत दिपके, सौरव दास, आशुतोष रांका समेत पार्टी के कई नेताओं को पुलिस ने पहले ही हिरासत में ले लिया था. इसके अलावा ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल सहित विपक्षी दलों के भी कई नेता डिटेन किए गए. राहुल ने इसे लेकर कहा,
जो करना है कर लीजिए, जितनी पुलिस बुलानी है बुला लीजिए. 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार. जितनी चाहे बुला लीजिए. सारे नेताओं को गिरफ्तार कर लीजिए. सारे युवाओं को गिरफ्तार कर लीजिए. हम सबको गिरफ्तार कर लीजिए. घबराइये मत. हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं. हम पीछे हटने वाले नहीं हैं. मेरी बात याद रखिए हमें जो जानकारी चाहिए. वह हमारे पास पहले से है.
(यह भी पढ़ें: दिल्ली में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, ममता-केजरीवाल समेत कई नेता डिटेन)
पीएम मोदी को बना दिया मोगैम्बो‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के ठीक बाद राहुल गांधी ने एक पोस्टर भी शेयर किया. पोस्टर में पीएम मोदी को मशहूर फिल्म 'मिस्टर इंडिया' के विलेन ‘मोगैम्बो’ के तौर पर दिखाया गया है. पोस्टर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा,
'मोगैंबो मोदी' ने लोकतंत्र और भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है. दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो मोदी, शाह, भागवत, डोभाल और ज्ञानेश को इंसाफ के कटघरे में लाने से रोक सके.
राहुल गांधी ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात भी की थी. उन्हें ज्ञापन सौंपकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी. खबर है कि विपक्ष 12 अक्टूबर को फिर से एक बड़े मार्च की तैयारी में है. ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि इस दबाव के आगे सरकार झुकती है या नहीं.
वीडियो: दिपके-सौरव और रांका के साथ प्लेन में क्या हुआ? साथी पैसेंजर ने सब बताया









