वो वाली गाड़ियां देखे हो, जो जमीन से बिल्कुल चिपक के चलती हैं. ऐसा लगता है जैसे सांप के जोंक जितने बड़े पैर उग आए हों और वो सरपटाया जा रहा हो. इंडिया में जब भी कोई वैसी वाली महंगी गाड़ी लेकर सड़क पर निकलता है तो देखने वाला हर आदमी यही कहता है कि देखना, अभी ब्रेकर पर अटक जाएगी. बाकियों का तो नहीं पता, लेकिन रियो ओलिंपिक में पूरे देश की मुंडी शान से उठवाने वाली दीपा कर्मकार के साथ इसकी मिलती-जुलती समस्या हो गई है.
दीपा कर्मकार गिफ्ट में मिली BMW लौटा रही हैं
वजह जानोगे तो डिसाइड नहीं कर पाओगे कि ताली पीटें या खोपड़ी फोड़ें.

रियो से लौटने के बाद दीपा, पीवी सिंधु और साक्षी मलिक को BMW कार गिफ्ट में दी गई थी. गिफ्ट देने के लिए खुद सचिन तेंदुलकर आए थे. सिंधु और साक्षी को तो कोई दिक्कत न हुई, लेकिन दीपा अपने जनपद में गाड़ी नहीं चला पा रही हैं. वो रहती हैं अगरतला में. वहां रोड न तो बड़े हैं और न ही स्वस्थ हैं. वहां के लोग अक्सर गाते रहते हैं, 'यहां भी खुदा है... वहां भी खुदा है.' जवाब में नगर पालिका वाले कहिते हैं कि जहां नहीं खुदा है, वहां कल खोदेंगे.
ऊपर से इत्ती महंगी कार की मेंटीनेंस में भी दीपा को दिक्कत आ रही है. इंडिया के खिलाड़ियों को खुद का मेंटीनेंस करने में तो पहले से इतनी परेशानी होती है. ऊपर से ऐसी महंगी कार थमा दो तो कौन चलाना चाहेगा. तो दीपा ने अपनी BMW इसके ओरिजनल मालिक वी. चामुंडेश्वरनाथ को वापस करने का फैसला ले लिया है. चामुंडेश्वरनाथ हैदराबाद बैडमिंटन असोसिएशन के प्रेसिडेंट हैं.
दीपा के कोच बिश्वेश्वर नंदी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, 'ये दीपा का अकेले का डिसीजन नहीं है. कार लौटाने का फैसला दीपा, उसकी फैमिली और मैंने मिलकर लिया है. इसके पीछे दो कारण हैं. एक तो ये कि अगरतला में BMW का कोई सर्विस सेंटर नहीं है और ऐसी कार चलाने लायक रोड भी नहीं हैं. दूसरा ये कि दीपा को एक महीने बाद जर्मनी में होने वाले चैलेंजर कप की प्रैक्टिस पर फोकस करना है.'
नंदी ने हैदराबाद बैडमिंटन असोसिएशन से कहा है कि अगर वो चाहे तो कार की जितनी कीमत है, उतना पैसा दीपा को दे सकता है. ऐसा नहीं होता है तो भी असोसिएशन जितना पैसा देगा, दीपा को उसमें भी कोई दिक्कत नहीं है. और जर्मनी में जो चैलेंजर कप होने वाला है, उसमें हर देश को अपने 6 खिलाड़ी भेजने होते हैं. ऐसे में नंदी अगर इतने खिलाड़ी तैयार नहीं कर पाए तो दीपा भी इवेंट में नहीं खेल पाएंगी. बेस्ट ऑफ लक दीपा.
ये भी पढ़ें: दीपा कर्मकार को स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री का तोहफ़ा! प्रिय दीपा कर्मकार, कुछ लोग आपका खेल चौपट करने की फिराक में हैं दीपा का दूसरा सबसे यादगार पल कौन सा है दीपा, इन लोगों के लिए मेडल कीमती है, तुम्हारी जान नहीं










