The Lallantop

क्या सड़क हादसे में सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के 5 लोगों की जान गई?

सुशांत सिंह के फैंस को इस खबर ने गमगीन कर दिया है. लेकिन सच थोड़ा अलग है.

Advertisement
post-main-image
सुशांत सिंह को दुखी दिखाने वाली तस्वीर (बाएं) मीडिया-सोशल मीडिया पर काफी इस्तेमाल की गई. (दोनों तस्वीरें ट्विटर और इंडिया टुडे से साभार हैं.)
बिहार के लखीसराय में मंगलवार 16 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. एक टाटा सूमो और ट्रक की टक्कर में जुमई के एक परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई. कुछेक मीडिया समेत तमाम लोग सोशल साइट्स पर पोस्ट करने लगे कि सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के 5 लोग नहीं रहे. मीडिया में ये जानकारी आते ही सुशांत सिंह राजपूत के फैंस फिर दुखी होने लगे. ये कुछ ट्वीट देखिए.
रोशनी कुमारी नाम की एक यूज़र लिखती हैं,
बुरी ख़बर, सड़क हादसे में सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के 5 लोगों की मौत.
मलाती भास्करन नाम के ट्विटर यूज़र ने लिखा,
भगवान उनकी आत्मा को शांति दें.

 

 जयंती चौहान ने लिखा,
ये दुखद है. उनका परिवार इस हादसे से जल्दी उभरे.

ये प्रतिक्रियाएं बताती हैं कि लोग कितने दुखी हैं. लेकिन क्या वाकई में ऐसा हुआ है, मतलब क्या वाकई में हादसे में मारे गए लोग सुशांत के परिवार के थे?

किनकी मौत हुई?

मौत करीबी रिश्तेदार की हो या दूर के, दुख होता ही है. लेकिन इस घटना को ऐसे पेश किया गया जैसे सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के लोगों का निधन हुआ हो. जबकि ऐसा नहीं है.
आजतक की खबर के अनुसार हादसे में जिन 5 लोगों की मौत हुई, वे सुशांत सिंह के परिवार के नहीं, दूर के रिश्तेदार हैं. मृतकों के नाम हैं लालजीत सिंह, अमित शेखर, रामचंद्र सिंह, बेवी देवी और अनिता देवी. इनमें से लालजीत सिंह, सुशांत सिंह राजपूत के बहनोई ओमप्रकाश सिंह के बहनोई थे. यानी वह सुशांत के रिश्तेदार थे, लेकिन दूर के.
आजतक के मुताबिक सुशांत के बहनोई ओमप्रकाश हरियाणा पुलिस में उच्चाधिकारी हैं. उनकी बहन गीता देवी की मौत हो गई थी. लालजीत सिंह गीता देवी के पति थे. उनका दाह संस्कार कर वो और उनका परिवार घर लौट रहे थे. उसी दौरान हादसा हो गया. इसमें मारे गए 3 अन्य लोग अमित, रामचंद्र और बेवी देवी लालजीत सिंह की संतानें थीं और अनिता देवी उनकी भांजी.
Road
हादसे की फोटो (साभार - आजतक)

गाड़ी में 10 लोग सवार थे. इन पांचों के अलावा सूमो चला रहे ड्राइवर प्रीतम कुमार की भी जान चली गई. 4 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी खबर है. इनका इलाज जमुई के सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिए हैं.

Advertisement
Advertisement