The Lallantop

दिल्ली: आधे घंटे में तीन जगहों पर बुजुर्गों को लूटा, 500 रुपए के लिए चाकू से अटैक, 1 की मौत

मॉर्निंग वॉक के दौरान एकांत इलाके में उम्रदराज लोगों को बुरी तरह निशाना बनाया. पुलिस को क्या पता चला?

Advertisement
post-main-image
आधे घंटे में लूटपाट की तीन वारदात, बुजुर्ग की मौत | बायीं ओर प्रतीकात्मक फोटो | दायीं ओर फोटो- आजतक

आधे घंटे के अंदर तीन जगहों पर लूटपाट और हत्या में शामिल आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है. मामला दिल्ली के सागरपुर इलाके का है. 7 अगस्त की सुबह को बदमाशों ने एकांत इलाकों में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्गों को निशाना बनाया. उन पर चाकू से हमला किया और सामान लूटकर फरार हो गए. हमले में एक 74 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई है. बाकी दो पीड़ित घायल हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
बाइक पर सवार थे तीनों आरोपी

पहली लूट जगदंबा विहार में हुई. सुबह करीब सवा पांच बजे. 54 साल के अशोक मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. तभी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेरा, पर्स और घड़ी लूटी फिर चाकू से हमला कर भाग गए. घायल अशोक को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया.

इस घटना के लगभग पांच मिनट बाद ही मोहन ब्लॉक में अगली वारदात हुई. आरोपियों ने 74 साल के मोहनलाल छाबड़ा को निशाना बनाया. उन्हें चाकू मारा और उनके सोने के जेवर और कैश लूट कर फरार हो गए. मोहनलाल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

इसके बाद आरोपी दुर्गा पार्क की तरफ चले गए और वहीं तीसरी वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित का नाम ओम दत्त है. उनकी उम्र 70 साल से ज्यादा है. बदमाशों ने सिर्फ 500 रुपये के लिए कई बार उन पर चाकू से वार किया. 

पुलिस ने ऐसे ढूंढा

आधे घंटे के अंदर हुईं तीन लूटपाट की घटनाओं की जानकारी मिलने पर पुलिस अलर्ट हुई. पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई. वारदात वाले इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले गए. आरोपियों को दबोचने के लिए कुल पांच टीमें बनाई गईं. मुखबिर से मिली जानकारी और टेक्निकल एविडेंस के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले 34 साल के अक्षय लाल नाम के एक आरोपी की पहचान की. उसे पालम विहार इलाके से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ करने पर अक्षय ने अपने साथी सोनू और वैभव के बारे में बताया. कुछ ही देर में उन्हें भी पकड़ लिया गया. उनके पास से लूट का सामान भी बरामद किया गया है .

पुलिस ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि तीनों आरोपी कुछ समय से नौकरी की तलाश कर रहे थे. इसके बाद उन्होंने साउथ दिल्ली और द्वारका के एकांत इलाके में उम्रदराज लोगों को निशाना बनाने का प्लान बनाया. पीड़ितों को डराने धमकाने के लिए वो उन पर चाकू से हमला करते थे.

Advertisement

वीडियो: दिल्ली में बिजनेसमैन से लूटपाट, गिरफ्तारी के बाद पता चला तीन पुलिसवाले ही थे

Advertisement