The Lallantop

'दो बोतल शराब, मुरथल घूमे'- उस रात पांचों आरोपियों ने क्या-क्या किया?

दिल्ली एक्सीडेंट केस में पुलिस ने नया खुलासा किया है.

Advertisement
post-main-image
कंझावला एक्सीडेंट केस के सभी आरोपी (फोटो- दिल्ली पुलिस)

दिल्ली के कंझावला एक्सीडेंट केस में अब आरोपियों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने बताया है कि कार में बैठे सभी आरोपी काफी ज्यादा नशे में थे. हादसे से पहले आरोपियों ने कम से कम ढाई बोतल शराब पी थी. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी दी है कि सभी आरोपी नये साल के जश्न के लिए सबसे पहले मुरथल गए थे. दिल्ली बॉर्डर से लगे हरियाणा का यह इलाका ढाबों के लिए जाना जाता है. लेकिन वहां भीड़ होने की वजह से वापस लौट गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दिल्ली पुलिस सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि सभी आरोपी उसी कार में थे जिससे टकराकर अंजलि की स्कूटी का एक्सीडेंट हुआ था. आरोपी वापस उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अपने इलाके में आ गए. वहीं पर सड़क किनारे उन्होंने कुछ खाना खाया. इसके बाद कार से उसी इलाके में घूमते रहे. सुल्तानपुरी में रात के करीब 2 बजे आरोपियों की कार अंजलि की स्कूटी से टकराई थी. यह हादसा अंजलि और उसकी दोस्त के पास के होटल से निकलने के थोड़ी देर बाद ही हुआ था.

आरोपी और अंजलि की दोस्त के बयान अलग

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें स्कूटी से टकराने का पता चला. लेकिन वे लोग इतने नशे में थे कि उन्हें अंजलि के घसीटे जाने का पता नहीं चला. पुलिस ने बताया कि अंजलि का पैर कार के अगले एक्सेल (चक्के को जोड़ने वाला रॉड) में फंसा था. उसे करीब 12 किलोमीटर तक घसीटा गया था. इसके बाद कार में बैठे एक शख्स ने अंजलि के हाथ को देखा. इसके बावजूद कंझावला के नजदीक वे अंजलि की डेड बॉडी छोड़कर चले गए. पुलिस ने बताया था कि अंजलि की बॉडी नग्न अवस्था में मिली थी. घसीटे जाने के कारण उसके कपड़े फट गए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी तरीके के सेक्सुअल असॉल्ट की बात सामने नहीं आई है.

Advertisement

इस हादसे के वक्त अंजलि की दोस्त निधि भी साथ थी. निधि ने आजतक को बताया कि कार ने सामने से आकर टक्कर मारी थी. इससे दोनों स्कूटी से नीचे गिर गईं. निधि ने बताया, 

“कार में सवार लोगों को एक्सीडेंट के बारे में पता था. गाड़ी में कोई गाना नहीं बज रहा था. उन्हें पता भी था कि एक लड़की उनकी गाड़ी के नीचे आ गई है. वो जानबूझकर अंजलि को घसीटते-घसीटते आगे ले गए. उन्होंने एक बार भी गाड़ी से उतर कर नहीं देखा कि उसे बचा लें.”

निधि ने बताया कि वे लोग (आरोपी) जानबूझकर अंजलि को घसीटते-घसीटते लेकर चले गए. उसने कहा कि एक्सीडेंट के बाद उसका दिमाग काम नहीं कर रहा था और वो पैदल अपने घर चली गई थी.

Advertisement

आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि लड़की गलत तरीके से स्कूटी चला रही थी जिसके कारण टक्कर हुई. फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड में हैं. आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज हुआ है.

वीडियो: दिल्ली कंझावला केस के आरोपी इस नेता का पोस्टर थाने के ठीक बाहर लगा हुआ है, जानिए कौन है?

Advertisement