आजतक के अरविंद ओझा के मुताबिक, शाहीन बाग (Shaheen Bagh) इलाके में कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान के पोस्टर लगे थे.एमसीडी कर्मचारी इन पोस्टरों और होर्डिंग्स को हटाने पहुंचे. पूर्व विधायक उनकी पार्टी के होर्डिंग हटाने से गुस्सा हो गए और एमसीडी के कर्मचारियों के साथ मारपीट करने लगे. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
वीडियो में दिख रहा है आसिफ मोहम्मद खान एमसीडी के कर्मचारियों को डंडे से पीटते और गालियां देते नजर आ रहे हैं. इसी बीच एक कर्मचारी अपने अधिकारी को फोन करने की कोशिश करता है, तो पूर्व विधायक उसे भी डंडे मारकर मुर्गा बनवा देते हैं. इस वीडियो में आसिफ कह रहे हैं,
"मुर्गा बन, बात किस से करता है. आम आदमी पार्टी वाले भेजते हैं कि कांग्रेसियों के पोस्टर उतार के लाओ. उनके पोस्टर नहीं उतारते, सारे हमारे उतारते हैं."इस घटना के बाद एमसीडी के इंस्पेक्टर राम किशोर ने शाहीन बाग थाने में कांग्रेस नेता के खिलाफ FIR दर्ज कराई. एमसीडी के इंस्पेक्टर की तहरीर में आसिफ मोहम्मद खान पर एमसीडी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने, उन्हें मुर्गा बनाने के आरोप लगाए गए हैं.
एमसीडी कर्मचारियों के साथ मारपीट करते पूर्व कांग्रेस विधायक आसिफ खान
इंडियन एक्स्प्रेस से बातचीत के दौरान दक्षिण पूर्वी दिल्ली की डीसीपी ईशा पांडेय ने बताया,
हमें घटना के संबंध में लाजपत नगर ज़ोन के एमसीडी निरीक्षक राम किशोर से शिकायत मिली है. उन्होंने शिकायत की कि आसिफ मोहम्मद खान ने एमसीडी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की, साथ ही सरकारी काम में बाधा भी डाली है. हमने आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग पुलिस स्टेशन में आसिफ मोहम्मद खान के खिलाफ आईपीसी की धारा 353 (लोक सेवक पर हमला), 332 (लोक सेवक को स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 186 (लोक सेवक को कर्तव्य के निर्वहन में बाधा डालना) और धारा 34 (आपराधिक कृत्य सभी व्यक्तियों ने सामान्य इरादे से किया हो) के तहत मामला दर्ज किया है.
कोर्ट ने आफिस खान को 7 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.















