कई मीडियो रिपोर्ट्स में ये बताया जा रहा था कि वरुण धवन अपनी गर्लफ्रेंड नताशा दलाल से इसी साल नवंबर-दिसंबर में शादी करने वाले हैं. उसके बाद खबर ये आई कि वरुण धवन अपने 32वें बर्थडे पर अपनी फिल्म 'कुली नंबर 1' अनाउंस करेंगे और नताश के साथ सगाई करेंगे. लेकिन आखिरी समय पर चीज़ें बदल गईं. वरुण की फिल्म अनाउंस हो गई लेकिन सगाई की बात कहीं नहीं उठी.

वरुण धवन और नताशा दलाल पिछले काफी समय से साथ हैं लेकिन मीडिया के साथ उनकी लुका-छुपी चल रही थी. हालांकि अब ये बातें खुले में आ चुकी हैं.
वरुण ने करण जौहर के चैट शो कॉफी विद करण पर बताया था कि वो किसी के साथ हैं. वरुण ने नताशा का नाम लिए बगैर कहा था-
''मैं उनके साथ इसलिए हूं क्योंकि उनका अपना व्यक्तित्व है. अपनी आवाज़ है. और दोनों ही चीज़ें मजबूत हैं, जिनकी बदौलत वो अपनी ज़िंदगी में कुछ करना चाहती हैं. बतौर पार्टनर मैं भी इन चीज़ों को सपोर्ट करना चाहूंगा. वो मेरे करियर की शुरुआत से मेरे लिए सपोर्टिंग रही हैं. हम दोनों एक ही स्कूल में पढ़े हैं, लेकिन तब हम सिर्फ दोस्त थे. वो मेरी चीज़ों को लेकर काफी सपोर्ट करती हैं. और मेरी तरफ से भी सेम है. आप एक कपल के तौर पर एक साथ विकसित होना चाहते हैं. साथ में ही आगे बढ़ना चाहते हैं.''

नताशा दलाल पेशे से फैशन डिज़ायनर हैं और उनका खुद का क्लोदिंग लेबल है.
हालांकि इस इंटरव्यू में शादी-वादी की कोई बात नहीं हुई थी. वरुण ने फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि वो शादी करने वाले हैं लेकिन इतनी जल्दी नहीं. वरुण से जब नताशा की उनके मम्मी-पापा के साथ फंक्शनों में जाने की बात पूछी गई, तो उन्होंने कहा-
''हम लोग एक ही स्कूल में पढ़े हैं, इसलिए मेरे मम्मी-पापा से उनकी जान-पहचान पुरानी है. वो पहले भी हमारी फैमिली के साथ पार्टियों और फंक्शनों में जाती रही हैं. अब वो मेरी फैमिली जैसी ही हैं.''नवंबर-दिसंबर में शादी की बात पर वरुण धवन कहते हैं-
इस साल तो ये नहीं होने वाला. मैं ये नहीं कर रहा हूं कि मैं शादी करने नहीं जा रहा. लेकिन ये इतनी जल्दी भी नहीं होने वाला है. मैं इतनी सारी फिल्मों में काम कर रहा हूं. मुझे इसके लिए सही समय निकालना पड़ेगा.

वरुण के मम्मी और पापा के साथ नताशा दलाल. इसी फोटो को लेकर ये अटकलें लगनी शुरू हुई थी कि वरुण इसी साल शादी करने वाले हैं.
अब खबर ये आ रही है कि वरुण के पापा डेविड धवन ने उनकी शादी की पोल खोल दी है. वरुण के बर्थडे के मौके पर मेंज एक्सपी से बात करते हुए डेविड ने कहा-
''उसकी (वरुण) शादी अगले साल होगी. मैं उन दोनों की रिलेशनशिप से बहुत खुश हूं. इससे ज़्यादा एक बाप को क्या चाहिए?''

पापा डेविड धवन के साथ वरुण धवन. आने वाले दिनों में दोनों कुली नंबर 1 के रीमेक में साथ काम करने वाले हैं.
वरुण के एक दोस्त ने पिछले दिनों मीडिया से बात करते हुए बताया था कि शूजीत सरकार की फिल्म 'अक्टूबर' में काम करने के बाद अपने रिलेशनशिप और कमिटमेंट को लेकर बहुत गंभीर हो गए हैं. उन्होंने आगे बताया कि इस खबर के ऑफिशियल होने और वरुण की शादी में अभी समय है. तब तक वो दोनों एक सही स्पेस में एक साथ हैं और खुश हैं. जहां तक बात नताशा दलाल की है, तो वो एक फैशन डिज़ायनर हैं. उन्होंने 2013 में 'नताशा दलाल' नाम का एक क्लोदिंग लेबल शुरू किया था. वो आगे भी फैशन डिज़ायनिंग से ही जुड़ी रहना चाहती हैं.

फिल्म 'अक्टूबर' की स्क्रीनिंग के मौके पर गर्लफ्रेंड नताशा दलाल के साथ वरुण धवन.
अगर वरुण धवन के काम की बात करें, तो उनकी आखिरी रिलीज़ 'कलंक' बॉक्स ऑफिस पर कुछ ठीक नहीं रही. बड़े बजट में बनी ये फिल्म 100 करोड़ रुपए के आंकड़े को छूने के लिए भी संघर्ष कर रही है. वरुण फिलहाल रेमो डिसूज़ा की फिल्म 'स्ट्रीट डांसर 3डी' की शूटिंग कर रहे हैं. साथ ही वो अगस्त में सारा अली खान के साथ गोविंदा की फिल्म 'कुली नंबर 1' के रीमेक की शूटिंग शुरू करेंगे, जिसका डायरेक्शन उनके पापा डेविड धवन कर रहे हैं.
वीडियो देखें: ब्लॉकबस्टर अर्जुन रेड्डी की ऑफिशियल रीमेक है शाहिद कपूर की ये फिल्म












