The Lallantop

ऋषभ पंत को वर्ल्ड कप टीम में जगह न देने की ये वजह बताई सलेक्टर ने

मगर बात में कोई दम नहीं है.

Advertisement
post-main-image
दिनेश कार्तिक का निदाहस ट्रॉफी के फाइनल का वो छक्का पंत को ले उड़ा.
2019 वर्ल्ड कप के लिए सभी टीमें तैयार हो रही हैं. 30 मई से ये टूर्नामेंट होना है. 15 अप्रैल को इंडिया ने भी अपनी 15-मैंबर टीम का ऐलान कर दिया. मगर इस ऐलान के बाद से इंडिया में एक खिलाड़ी को लेकर बड़ी चर्चा है. पिछले एक साल से इस क्रिकेटर को लेकर काफी एक्सपेरिमेंट किए जा रहे थे. मगर जब टीम सलेक्शन की बारी आई तो इसका नाम 15 खिलाड़ियों की लिस्ट से गायब था. अब तो आप समझ ही गए होंगे कि बात ऋषभ पंत की हो रही है. टीम इंडिया का भविष्य इस एक विकेटकीपर-बल्लेबाज में देखा जा रहा है. मगर वर्ल्ड कप टीम में जगह नहीं मिली.
प्रेस कॉन्फ्रेस में जब चीफ सलेक्टर से पूछा गया कि ऋषभ पंत को क्यों टीम में नहीं चुना गया तो एमएसके प्रसाद ने कहा कि इस पर सलेक्शन कमेटी ने विस्तार से मंथन किया है. ऋषभ पंत वर्ल्ड कप टीम में जगह बना पक्की ही कर चुके थे मगर दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत वर्ल्ड कप में तभी मैच खेलेंगे जब धोनी चोटिल होंगे. ऐसे में कार्तिक और पंत की विकेटकीपिंग स्किल्स में जिसकी बेहतर होगी उसी को मौका मिलेगा. और कार्तिक इस मामले में आगे हैं इसलिए उन्हें टीम में जगह मिली. अब एक बात पर गौर कीजिए. वो ये कि बीते एक साल से ऋषभ पंत इंडिया की टेस्ट टीम के लिए विकेटकीपिंग कर रहे हैं. उन्हें दिनेश कार्तिक से ज्यादा मौके साल भर में मिले हैं. पंत को धोनी का वारिस माना जा रहा था. फॉर्म के मामले में भी कार्तिक से ज्यादा रन पंत ने इस आईपीएल सीजन में बना लिए हैं. अभी तक पंत ने 8 मैचों में 245 रन बनाए हैं, वहीं कार्तिक ने इतने ही मैचों में 111 रन बनाए हैं.
Untitled design (3)
ऋषभ पंत औऱ दिनेश कार्तिक

साथ ही चीफ सलेक्टर ने ये भी कहा कि फंसे हुए मैचों में सलेक्टरों का भरोसा दिनेश कार्तिक पर है. उन्होंने बीते वक्त में कई मौकों पर मैच जितवाए हैं. वहीं इस आईपीएल सीजन में ऋषभ पंत अपनी टीम के लिए मुश्किल वक्त में कुछ खास नहीं कर पाए हैं. वो लापरवाही से विकेट गंवाते दिखे हैं. मार्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में जब टीम इंडिया 273 के टारगेट का पीछा करते हुए फंसी हुई थी, पंत 16 रन बनाकर आउट हो गए थे. साथ ही ये बात भी नहीं भूली जा सकती है कि दिनेश कार्तिक ने श्रीलंका में निदाहस ट्रॉफी के फाइनल में इंडिया को जीत दिलाकर अपनी जो इमेज तैयार की है, उसका फायदा उन्हें यहां वर्ल्ड कप की टिकट पाने में हुआ है. माइकल वॉन ने कहा कि पंत के टीम में न आने से मैं हैरान हूं. वो इंग्लैंड की पिच पर स्किड करती गेंदों पर अच्छा खेलते हैं. साथ ही इंडिया ऋषभ पंत के बिना मुश्किल उन मैचों में होगी जहां स्कोर 330-340 तक का चेज करना होगा. ऐसी सिचुएशन में पंत मैन विनिंग साबित हो सकते हैं. वहीं हर्षा भोगले ने कहा कि इंग्लैंड में टेस्ट टीम से दिनेश कार्तिक को ड्रॉप किया गया था और पंत को उनकी जगह लाया गया था. यानी पंत की विकेटकीपिंग पर आपको भरोसा था. मगर यहां वर्ल्ड कप टीम सलेक्शन में कहा गया कि पंत की विकेटकीपिंग सही नहीं है. मुझे लगता है कि सलेक्टरों ने दिनेश कार्तिक के शांत दिमाग को चुना. टेंस सिचुएशन में वही काम आता है. पंत को टीम में शामिल इसलिए माना जा रहा था क्योंकि इस खिलाड़ी को बीसीसीआई ने सीधे ग्रेड-ए कॉन्ट्रैक्ट दिया था. मतलब साफ था कि पंत को वर्ल्ड कप के लिए तैयार किया जा रहा था. मगर ऐसे में इस खिलाड़ी का पत्ता कटना उन तमाम क्रिकेट फैन्स के लिए निराशा की बात है जो पंत के खेल को पसंद करते हैं. मगर पंत के फेवर में एक बात ये है कि उनके साथ उम्र है. 21 साल के पंत अगर अपने खेल से प्रभावित करते रहे तो वो सही में इंडियन क्रिकेट का भविष्य हैं.






लल्लनटॉप वीडियो भी देखिए-

Advertisement
Advertisement