The Lallantop

कांग्रेस ने टिकट घोषित कर दिल्ली की लड़ाई दिलचस्प कर दी

टिकट की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी के अरमान आसुओं में बह गए...

Advertisement
post-main-image
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से शीला दीक्षित और मनोज तिवारी आमने-सामने होंगे.
कांग्रेस ने दिल्ली की 7 सीटों में से 6 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इन 6 सीटों की घोषणा के साथ ही आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन की सारी खबरों पर पूर्ण विराम लग गया है. कांग्रेस ने अपनी लिस्ट में पुराने धुरंधरों को मैदान में उतारा है. 1. चांदनी चौक- जेपी अग्रवाल 2.नॉर्थ ईस्ट दिल्ली- शीला दीक्षित 3.ईस्ट दिल्ली- अरविंदर सिंह लवली 4.नई दिल्ली- अजय माकन 5.नॉर्थ वेस्ट दिल्ली- राजेश लिलोठिया 6.वेस्ट दिल्ली- महाबल मिश्रा अब सभी सीटों के समीकरण की बात करते हैं. चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल को टिकट मिला है. इस सीट से पहले कपिल सिब्बल लड़ते थे लेकिन कांग्रेस ने जेपी अग्रवार पर भरोसा जताया है. कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट दिल्ली सीट से शीला दीक्षित को मैदान में उतारा है. कांग्रेस शीला दीक्षित के नाम के सहारे ही फिर से दिल्ली में वापसी करना चाहती है. शीला दीक्षित की भिड़ंत दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी से होगी. दिल्ली की इस सीट से इन दो बड़े चेहरों के बीच की लड़ाई सबसे दिलचस्प होने की उम्मीद है. ईस्ट दिल्ली से अरविंदर सिंह लवली को टिकट मिला है. अरविंदर सिंह लवली पहले कांग्रेस में थे फिर बीजेपी में चले गए. उसके बाद फिर से उन्होंने कांग्रेस में वापसी कर ली. अब ईस्ट दिल्ली सीट जिताने की ज़िम्मेदारी लवली को दी गई है. नई दिल्ली सीट से कांग्रेस ने अजय माकन को मैदान में उतारा है. अजय माकन के ही नेतृत्व में कांग्रेस दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी है. नॉर्थ वेस्ट दिल्ली जो रिज़र्व सीट है, इस सीट से राजेश लिलोठिया को टिकट मिला है. राजेश लिलोठिया कांग्रेस पार्टी के कद्दावर दलित नेता हैं. दिल्ली के पटेल नगर से दो बार विधायक रहे हैं. कांग्रेस राजेश लिलोठिया के कंधे पर कई बड़ी ज़िम्मेदारी दे चुकी है, वे अभी बिहार कांग्रेस के प्रभारी सचिव के साथ राजेश राहुल गांधी के भी करीबी हैं. अब कांग्रेस ने इन्हें नॉर्थ वेस्ट सीट जिताने की ज़िम्मेदारी दी है. वेस्ट दिल्ली महाबल मिश्रा को टिकट मिला है. महाबल मिश्रा पूर्वांचल का बड़ा चेहरा है. पहले खबर आ रही थी कि महाबल मिश्रा का टिकट कट सकता है, लेकिन कांग्रेस की लिस्ट में महाबल मिश्रा का भी नाम है. शुक्रवार को जब टिकट कटने की खबरें आने लगी फिर महाबल मिश्रा के सैकड़ों समर्थकों ने कांग्रेस मुख्यालय पर भारी प्रदर्शन किया था.  वेस्ट दिल्ली में पूर्वांचल की बड़ी आबादी है ऐसे में महाबल मिश्रा को टिकट नहीं देने की गलती कांग्रेस नहीं कर सकती थी. दूसरी तरफ कांग्रेस ने अभी साउथ दिल्ली से उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है.

Advertisement
Advertisement