सेना में भर्ती की नई अग्निपथ योजना और राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार, 20 जून को दिल्ली में प्रदर्शन किया. दिल्ली के जंतर-मंतर पर कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद और कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ योजना को लेकर विरोध किया. वहीं यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन को रोक दिया. उन्होंने नारेबाजी करते हुए अग्निपथ स्कीम को वापस लेने की मांग की. इस दौरान कई कार्यकर्ता ट्रेन के ऊपर चढ़ गए. करीब आधे घंटे बाद सुरक्षा बलों ने रेलवे ट्रैक को खाली करवाया. इस कार्रवाई में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया.
राहुल गांधी से पूछताछ के खिलाफ 'सत्याग्रह' कर रही कांग्रेस, ईडी कार्यालय में कैमरा लगाने की मांग की
कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अग्निपथ योजना और राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर सोमवार 20 जून को दिल्ली में प्रदर्शन किया.


दूसरी ओर, कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पहुंचकर 'सत्याग्रह' किया. इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि ये योजना जिनके लिए लाई गई है अगर वे संतुष्ट हैं तो हमें कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा,
"विडंबना ये है कि जिनके लिए योजना बनी है, वहीं संतुष्ट नहीं हैं. वे निराश हैं. ये हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस मुद्दे को उठाएं. ये सिर्फ युवाओं का मामला नहीं है बल्कि सशस्त्र बलों को भी सवालों के घेरे में ला दिया गया है. ये हमारे लिए चिंता का विषय है."
कांग्रेस महासचिव अजय माकन ने कहा कि वे अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार शाम को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिलेंगे. माकन ने कहा,
"हमारी मांग है कि अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए. इस पर संसद में चर्चा हो और युवाओं को विश्वास में लिया जाए. उसके बाद ही कोई ऐसी योजना लेकर आएं जो युवाओं और सेना में भर्ती से संबंधित है."
वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा,
ED कार्यालय में कैमरा लगे- बघेल"आज नौजवानों का भविष्य खतरे में है, देश की सीमाएं और हमारी सुरक्षा खतरे में है. वो कहते हैं कि आओ (अग्निवीर) और भरी जवानी में जब रिटायर हो जाओगे तो हमारे यहां चौकीदारी करना. ये सबको चौकीदार बनाना चाहते हैं. इनकी नीयत स्पष्ट है कि देश में कोई समृद्ध ना हो, कोई सुख से जीवनयापन ना करे, सब चौकीदार बनें. इसको होने नहीं देना है."
भूपेश बघेल ने नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ को लेकर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि राहुल को चार दिन से पेशी में बुलाया जा रहा है. उन्होंने मांग की कि ईडी कार्यालय में कैमरा लगा दिया जाए और उसे पूरे देश को दिखाया जाए ताकि पता चले कि ईडी पूछ क्या रही है और राहुल गांधी जवाब क्या दे रहे हैं.
नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी से ईडी ने सोमवार को भी पूछताछ की. इससे पहले 13 से 15 जून तक लगातार तीन दिन उनसे पूछताछ की गई थी. इस दौरान वे करीब 30 घंटे ईडी कार्यालय में रहे थे. इस पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ता पहले दिन की पूछताछ से ही प्रदर्शन कर रहे हैं. पार्टी इस पूछताछ को तानाशाही और बदले की कार्रवाई बता रही है.


















