आगरा से उदयपुर के बीच नई-नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू हुई है. इसका एक वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में लोको पायलटों के बीच अफरा-तफरी मची हुई है. सभी लोको पायलेट वंदे भारत एक्सप्रेस को ऑपरेट करना चाहते हैं. खबरों के मुताबिक, आगरा और कोटा डिवीजन के कर्मचारियों के बीच हाथापाई हुई और एक लोको पायलट और उसके सहायक के साथ मारपीट भी की गई.
इस रूट पर नई वंदे भारत ट्रेन चलाने के लिए लोको पायलटों में भिड़ंत, वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि आगरा और कोटा डिवीजन के कर्मचारियों के बीच हाथापाई हुई है. एक लोको पायलट और उसके सहायक के साथ मारपीट भी की गई.


इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक वायरल वीडियो राजस्थान के गंगापुर सिटी जंक्शन का है. वीडियो 5 सितंबर का बताया जा रहा है. इसमें दिख रहा है कि कई लोको पायलट वंदे भारत एक्सप्रेस की कैब में घुसने का प्रयास कर रहे हैं. एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की कर रहे हैं. तभी तीन व्यक्ति एक छोटी खिड़की से चढ़ कर अंदर से दरवाजा खोलने में सफल हो जाते हैं. बाद में और लोग अंदर चले जाते हैं. वे सभी ट्रेन को नियंत्रित कर रहे लोको पायलट और उसके सहायक को जबरन कैब से बाहर निकाल देते हैं. बाहर मौजूद लोग उन पर हमला करते हैं. बाद में पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की.
बताया जा रहा है कि आगरा के लोको पायलट और उसके सहायक को गंगापुर के कर्मचारियों ने ट्रेन से उतरने के लिए कहा ताकि वे ट्रेन को अपने नियंत्रण में ले सकें. जब दोनों ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और कैब को अंदर से बंद कर दिया, तो गंगापुर के कर्मचारियों ने खिड़की का शीशा तोड़ दिया और कैब में घुस गए. वीडियो को शेयर करते हुए सचिन गुप्ता नाम के यूजर ने लिखा,
"ये मारामारी ट्रेन में बैठने के लिए पैसेंजर की नहीं है. ये लोको पायलट हैं, जो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के लिए आपस में युद्ध कर रहे हैं. आगरा से उदयपुर के बीच ट्रेन अभी शुरू हुई है. पश्चिम–मध्य रेलवे, उत्तर–पश्चिम, उत्तर रेलवे ने अपने-अपने स्टाफ को ट्रेन चलाने का आदेश दे रखा है. तीनों रीजन का स्टाफ आपस में हर रोज भिड़ रहा है. वजह ये है कि अच्छी ट्रेनें चलाने से ही उनका इंक्रीमेंट/प्रमोशन लगता है. इसलिए रोजाना "मैं चलाऊंगा, मैं चलाऊंगा" वाली स्थिति हो रही है."
वीडियो को X पर आठ लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. आशीष यादव नाम के यूजर ने लिखा,
"शायद ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि सरकारी कर्मचारी काम करने के लिए लड़ रहे हैं. अद्भुत."
आफरीन फातिमा नाम की यूजर ने लिखा,
"जब लोको पायलट का यह हाल है तो पैसेंजर क्या करेंगे बेचारे."
मुदस्सिर मेहंदी नाम के यूजर ने लिखा,
“हाल तो पैसेंजर ट्रेन से भी बदतर है.”
जयकिशोर कुमार नाम के यूजर ने लिखा,
"नई बाइक चलाने के लिए जिस तरह आपस में भाई लड़ते हैं. वही हाल यहां पर है. हम चलाएंगे हम चलाएंगे."
आपकी इस पर क्या राय है, हमें कॉमेंट बॉक्स में बताइए.
वीडियो: Viral Video: वंदे भारत के खाने का ऐसा हाल कि खुद रेलवे प्रशासन को जवाब देना पड़ गया!





















