The Lallantop

चीन में कोविड से हुई मौतों का क्या नया राज़ खुला?

चीन ने अपनी नई रिपोर्ट में क्या कहा?

Advertisement
post-main-image
चीन ने अपनी नई रिपोर्ट में क्या कहा?

दिसंबर 2022 में चीन से अस्पतालों की कुछ तस्वीरें और वीडियोज़ सामने आए थे. इनमें लोग अस्पतालों की लंबी लाइनों में परेशान और पस्त नज़र आ रहे थे. हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल था. उस समय पश्चिमी देशों के वैज्ञानिकों ने आशंका जताई थी कि अगर यही हालात रहे तो, आने वाले कुछ महीनों में दस लाख लोगों की मौत हो सकती है. लेकिन चीन इन मौतों का आंकड़ा ज़ाहिर नहीं कर रहा था. दिसंबर के आखिर में उसने एक डेटा रिलीज़ किया, जिसमें महज़ 13 मौतों का ज़िक्र था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अब चीन सरकार ने कोरोना से हुई मौतों का नया आंकड़ा जारी किया है. इसके मुताबिक, 08 दिसंबर 2022 से 12 जनवरी 2023 के बीच करीब 60 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें से 5 हज़ार के करीब लोगों की मौत सांस की विफलता की वजह से हुई है. मरने वाले लोगों में ज़्यादातर 80 साल से ऊपर के बताए गए हैं.

चीन ने कड़ी आलोचनाओं के बाद कोरोना से ये आंकड़ा रिलीज़ किया है. लेकिन इसके बाद भी चीन पर सवाल उठने बंद नहीं हुए हैं. आशंका जताई जा रही है कि मौत के ये आंकड़े इससे भी ज़्यादा हो सकते हैं. रिलीज़ किए गए ये आंकड़े केवल अस्पतालों  में हुई मौतों के हैं. माने कोरोना से पीड़ित इन लोगों की मौत किसी क्लिनिक या अस्पताल में हुई होगी. लेकिन उसके अलावा कोरोना से कहीं और मरे लोगों की गिनती इन आंकड़ों में की ही नहीं गई है. इसपर चीन फिरसे सवालों के घेरे में आ गया है.

Advertisement

पिछले महीने चीन ने कोरोना से हुई मौतों को दर्ज करने के तरीके में भी बदलाव किया था. चीन कोरोना की सिर्फ़ उन मौतों को गिन रहा था जिनमें मरीज़ सांस लेने में दिक़्क़त की वजह से मरे थे. इसपर WHO ने भी आपत्ति जताई थी.  पिछले साल के अंत में जब इंटरनेशनल मीडिया चीन में कोरोना विस्फोट की बात कर रहा था तब चीन उन दावों को नकार रहा था. सरकार पर सोशल मीडिया पर कोरोना से जुड़े कीवर्ड बैन करने के आरोप भी लगे थे. चीन में अचानक से बढ़े कोरोना केस की वजह ज़ीरो कोविड पॉलिसी के खात्मे को बताया जा रहा है. कोरोना का पहला मामला दिसंबर 2019 में चीन में आया था. चीन ने शुरुआत से ही ज़ीरो-कोविड पॉलिसी का पालन किया. कड़े लॉकडाउन लगाए, संक्रमितों और उनके आसपास के लोगों को क़्वारंटीन किया. लेकिन पिछले साल नवंबर 2022 में प्रोटेस्ट के बाद से चीन ने ज़ीरो-कोविड पॉलिसी में ढील दी. और उसके बाद से ही कोरोना के मामले चीन में बढ़ने लगे.

वीडियो: दुनियादारी: ब्राज़ील में दंगे और तख्तापलट की कोशिश की पूरी कहानी, पीएम मोदी ने क्या कहा?

Advertisement
Advertisement