The Lallantop

बीमार जयललिता के एक फैन ने खुद को आग लगाई

4 साल की बच्ची है उसकी. आग लगाने के बाद चिल्ला रहा था, 'जल्दी ठीक हो जाओ अम्मा.'

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
तमिलनाडु से एक डराने वाली खबर आई है. मुख्यमंत्री जयललिता के एक दीवाने ने बुधवार को खुद को आग लगा ली. जयललिता 21 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं. डॉक्टरों का कहना है कि वो इलाज पर अच्छा रिस्पॉन्ड कर रही हैं, इसके बावजूद बुरी अफवाहें हर जगह तैर रही हैं. और इन अफवाहों का असर देखिए. 31 साल के एक आदमी ने खुद को आग लगा ली क्योंकि वो 'अम्मा' की सेहत को लेकर परेशान था. इन अफवाहों का ही नतीजा था कि विकीपीडिया पर जयललिता के पेज की जानकारी को एडिट करके उन्हें 'मृत' लिख दिया गया था. फिर किसी ने उसे दोबारा एडिट करके ठीक किया. सरगुनम एक प्राइवेट कंपनी में सिक्योरिटी अफसर है. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है. सरगुनम के परिवार में 4 साल की बेटी और पत्नी शीला है.
उसका दावा है कि वो जयललिता के अस्पताल में भर्ती होने की वजह से काफी परेशान था. बुधवार शाम उसने तम्बरम सैनिटोरियम के सामने खुद पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा ली. पुलिस की एक टीम वहां गश्त दे रही थी. उन्होंने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सरगुनम ने उनसे बचना चाहा और चिल्लाने लगा, 'अम्मा की सेहत के बारे में कोई खबर नहीं है. वो जल्दी ठीक हो जानी चाहिए.'
पुलिस वाले किसी तरह उस पर काबू पाने और आग बुझाने में कामयाब रहे. सरगुनम की पत्नी शीला का कहना है कि वो शराब पीकर अकसर इस तरह की बातें करता था, इसलिए उसने कभी इन बातों को सीरियसली नहीं लिया. सरगुनम के हाथ, पांव और छाती का एक हिस्सा काफी झुलस गया है. भारी दर्द में कराहते हुए उसने कहा, 'मैं अपनी जान देकर अम्मा को बचाना चाहता हूं. तमिलनाडु को उनकी जरूरत है और उन्हें जल्दी ठीक होना होगा.' जयललिता के इलाज के लिए ब्रिटेन से एक डॉक्टर बुलाया गया है. केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी जैसे बड़े नेता अस्पताल जाकर उनका हाल-चाल ले आए हैं. उधर तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके के नेता करुणानिधि ने 'अम्मा' की ताजा तस्वीर मांगी, ताकि अफवाहों पर विराम लगाया जा सके. इस मौके पर बीमारी का सबूत मांगने के लिए कुछ लोग उन पर चढ़ भी बैठे हैं. AIADMK अध्यक्ष जयललिता को डिहाइड्रेशन और बुखार की शिकायत पर 22 सितंबर को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल बीच-बीच में उनका हेल्थ बुलेटिन जारी कर रहा है, लेकिन उसमें 'इलाज पर अच्छा रिस्पॉन्ड कर रही हैं', 'उनकी हालत तेजी से सुधर रही हैं' और 'वो ऑब्जर्वेशन में हैं' जैसी बातें ही होती हैं. उनकी मेडिकल रिपोर्ट अब तक बाहर नहीं आई हैं, जिसकी वजह से फैन्स बेचैन हो रहे हैं. लेकिन ये बेचैनी डराने वाली है.
  ये भी पढ़ें इन लोगों ने मिलकर जयललिता को मरा हुआ बता डाला अम्मा के लिए जान देते हैं लोग, और क्या जानना है?

Advertisement
Advertisement