The Lallantop

मनीष सिसोदिया बोले- "आज फिर CBI मेरे दफ्तर आई", CBI ने ये जवाब दिया

AAP ने पूछा- 'पिछली रेड में क्या मिला था?'

Advertisement
post-main-image
मनीष सिसोदिया (फाइल फोटो: PTI) और उनका ऑफिस (फोटो: आजतक)

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के मुताबिक शनिवार, 14 जनवरी को सीबीआई (CBI) की एक टीम उनके ऑफिस पहुंची थी. मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने इसकी जानकारी ट्विटर पर दी. इसके साथ ही सिसोदिया ने कहा कि उनके खिलाफ न कुछ मिला है और न मिलेगा क्योंकि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है. वहीं CBI के सूत्रों ने बताया कि टीम सिर्फ कुछ डॉक्यूमेंट लेने सिसोदिया के ऑफिस गई थी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
सिसोदिया बोले- 'CBI का स्वागत है'

शनिवार, 14 जनवरी को शाम 4 बजे दिल्ली के डिप्टी सीएम सिसोदिया ने ट्वीट किया,

आज फिर CBI मेरे दफ्तर पहुंची है. उनका स्वागत है. इन्होंने मेरे घर पर रेड कराई, दफ्तर में छापा मारा, लॉकर तलाशे, मेरे गांव तक में छानबीन करा ली. मेरे खिलाफ न कुछ मिला है, न मिलेगा क्योंकि मैंने कुछ गलत किया ही नहीं है. ईमानदारी से दिल्ली के बच्चों की शिक्षा के लिए काम किया है.

Advertisement

आम आदमी पार्टी (AAP) ने सिसोदिया के ट्वीट के बाद पीएम मोदी पर निशाना साधा. सवाल किया कि सिसोदिया के यहां पिछली रेड में क्या मिला था. AAP ने ट्वीट किया,

फिर एक बार मोदी जी की CBI @msisodia (मनीष सिसोदिया) जी के दफ्तर पहुंची.

लेकिन इन्होंने अबतक ये नहीं बताया कि पिछली रेड में क्या मिला था?

क्योंकि घर, ऑफिस, बैंक लॉकर और मनीष जी के गांव तक की छानबीन करने के बाद इन्हें सिर्फ एक ‘झुनझुना’ मिला था.

क्या सिसोदिया के ऑफिस छापा मारने पहुंची थी CBI?

केंद्रीय जांच एजेंसी CBI के सूत्रों ने सिसोदिया के ऑफिस में छापेमारी से इनकार किया है. CBI सूत्रों की तरफ से कहा गया है कि सिसोदिया के परिसरों में कोई छापेमारी नहीं की गई है. आजतक के मुनीष पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक सिसोदिया से CrPC नोटिस के तहत कुछ डॉक्यूमेंट जमा करने के लिए कहा गया था. टीम उन्हीं डॉक्यूमेंट को लेने के लिए सिसोदिया के ऑफिस गई थी.

Advertisement

CrPC की धारा 91 के तहत, जांच अधिकारी के पास शक्ति होती है कि वह व्यक्ति को जांच से जुड़े डॉक्यूमेंट पेश करने के लिए कह सकता है. इस धारा के तहत व्यक्ति की व्यक्तिगत मौजूदगी की जरूरत नहीं होती है.

CBI दिल्ली की चर्चित शराब नीति में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही है. इस मामले में CBI ने मनीष सिसोदिया सहित कई लोगों पर केस दर्ज किया था. पिछले साल अगस्त में CBI ने मनीष सिसोदिया के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी. 

वीडियो: मनीष सिसोदिया ने CBI पूछताछ से पहले क्या चेतावनी दे दी?

Advertisement