The Lallantop

गुरुग्राम के एक मॉल पर CBI का छापा पड़ा है, जानते हैं किसका मॉल है?

यह मामला तब का है जब आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव यूपीए सरकार में रेल मंत्री थे.

Advertisement
post-main-image
गुरुग्राम के मॉल पर सीबीआई का छापा (फ़ाइल फ़ोटो - पीटीआई)

बिहार में आरजेडी नेताओं के घरों पर रेड के बाद CBI ने गुरुग्राम के एक मॉल पर भी छापेमारी की है. सीबीआई दिल्ली, गुरुग्राम और बिहार के अलग-अलग जिलों में 25 जगहों पर छापेमारी कर रही है. इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि गुरुग्राम के जिस मॉल पर छापेमारी की गई है, उसके मालिक बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और उनके करीबी हैं. सीबीआई की यह कार्रवाई 'नौकरी के बदले जमीन' मामले में हो रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इससे पहले 24 अगस्त की सुबह RJD के राज्यसभा सांसद फैयाज अहमद और अशफाक करीम, MLC सुनील सिंह और पूर्व एमएलसी सुबोध राय के घरों पर रेड पड़ी. सीबीआई ने इस मामले में तीसरी बार छापेमारी की है. यह मामला तब का है जब आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव यूपीए सरकार में रेल मंत्री थे. आरोप है कि उस दौरान रेलवे में नौकरी लगवाने के बदले में जमीन और प्लॉट लिए गए थे.

FIR में लालू यादव और राबड़ी देवी के नाम

पिछले महीने सीबीआई ने लालू यादव के पूर्व ओएसडी भोला यादव और एक रेलवे कर्मचारी को गिरफ्तार किया था. भोला यादव लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान उनके ओएसडी थे. मई 2022 में सीबीआई ने लालू यादव, राबड़ी देवी सहित कई लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया था. लालू यादव के करीबियों और उनकी बेटी मीसा भारती के आवासों पर सीबीआई ने छापेमारी भी की थी.

Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सीबीआई ने आरोप लगाया है जब लालू यादव रेल मंत्री थे तब रेलवे में पटना से ग्रुप-डी के पदों पर 12 लोगों की नियुक्ति की गई थी. इसके बदले में लालू यादव के परिवारवालों को पटना और दूसरी जगहों पर जमीन के सात प्लॉट दिए गए थे. ये सभी प्लॉट उन्हीं 12 लोगों के परिवारवालों के हैं, जिनकी नियुक्ति की गई.

कम रेट में जमीन मिली!

सीबीआई के मुताबिक, लालू यादव के परिवार ने इस तरह सिर्फ 26 लाख रुपये में एक लाख स्क्वॉयर फीट से ज्यादा की जमीन अपने नाम कर लिया. जबकि उस वक्त इस जमीन की कुल कीमत 4.39 करोड़ रुपये थी. सीबीआई की FIR में लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, उनकी बेटी मीसा भारती और हेमा यादव सहित 16 लोगों के नाम हैं. इन सभी को मामले में आरोपी बनाया गया है. सीबीआई ने पिछले साल सितंबर में इस मामले की जांच शुरू की थी.

सीबीआई की यह कार्रवाई तब हुई है जब आज ही नीतीश कुमार के नेतृत्व में महागठबंधन की नई सरकार ने बिहार विधानसभा में बहुमत साबित किया है. आरजेडी ने इसे बदले की कार्रवाई बताते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है. आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि ये कहने का कोई मतलब नहीं है कि ED, इनकम टैक्स या CBI रेड मारते हैं, ये BJP की रेड है. वे सब अब BJP के लिए काम करते हैं.

Advertisement

वीडियो: क्या है IRCTC घोटाला जिसमें तेजस्वी और राबड़ी देवी को बेल मिली

Advertisement