The Lallantop

कौन हैं बृजभूषण राजपूत जिन्होंने बीजेपी के 'अनुशासन' की धज्जियां उड़ा दी हैं?

बृजभूषण राजपूत के पिता ने कभी सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए अपनी कनपटी पर बंदूक लगा दी थी. अब उनके पुत्र और बीजेपी विधायक बृजभूषण अपनी सरकार के खिलाफ बेहद तीखे तेवर दिखा रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
स्वतंत्र देव सिंह के साथ बृजभूषण राजपूत की नोकझोंक के दौरान की तस्वीर.

"बंधक बनाना मेरे लिए कोई बड़ी बात नहीं है. जब मैं विधायक नहीं था, तब मैंने कांग्रेस सरकार में मंत्री प्रदीप जैन को उनके झांसी के घर में बंधक बना लिया था."

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

4 फरवरी को सामने आया ये बयान है बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत का. उन्होंने यूपी सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को अपने इलाके में घेर लिया था. बंधक बनाने पर और ऐसे बयान देने के बाद यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राजपूत को नोटिस जारी किया.

बृजभूषण राजपूत पर तेवर और इस तेवर पर जारी नोटिस पर बात करेंगे, लेकिन पहले एक किस्सा साल 2004 का.

Advertisement

तब के लोकसभा चुनाव के बाद यह माना जाने लगा था कि सोनिया गांधी ही प्रधानमंत्री बनेंगी. वैसे तो न कांग्रेस, न UPA और न ही खुद सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद पर अपने नाम की घोषणा की थी. लेकिन बीजेपी से विरोध शुरू हो गया था. सुषमा स्वराज और उमा भारती तमाम धमकियां दे चुकी थीं. 

इसी रस्साकशी के बीच एक दिन दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर गजब हंगामा हो गया. एक नेता आता है, गाड़ी के ऊपर चढ़ता है और अपनी कनपटी पर बंदूक सटाकर कहता है- "अगर सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनती हैं तो मैं खुद को गोली मार लूंगा."

ये नेता तब कांग्रेस में ही थे. कांग्रेस के टिकट पर ही चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे. नाम- गंगा चरण राजपूत. बृजभूषण राजपूत के पिता.

Advertisement

गंगा चरण ने भी पार्टी में रहते हुए पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपनाए थे. और अब उनके बेटे का रवैया भी कुछ वैसा ही नज़र आ रहा है. बृजभूषण बीजेपी से ही विधायक हैं और अपनी ही पार्टी की सरकार को घेर रहे हैं. वह महोबा की चरखारी सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए. करीब साल भर बाद यूपी में फिर चुनाव हैं. पर बृजभूषण पार्टी के लिए सिरदर्द पैदा कर रहे हैं.

30 जनवरी को जब जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह युवा उद्घोष कार्यक्रम में शिरकत करके महोबा से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में बृजभूषण राजपूत ने ग्राम प्रधानों और समर्थकों के साथ उनका काफिला रोक लिया. इस दौरान मंत्री के सुरक्षाकर्मियों और विधायक के समर्थकों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई. नाराज विधायक के समर्थकों ने मौके पर जमकर नारेबाजी भी की.

बीजेपी विधायक का आरोप है कि गांवों में पानी की भारी किल्लत है और सड़कों की बदहाल स्थिति से लोग त्रस्त हो चुके हैं. अधिकारी सुन नहीं रहे. विवाद बढ़ता देख जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने हस्तक्षेप करके विधायक और उनके समर्थकों को शांत कराया. और उनको लेकर खुद डीएम कार्यालय गए, जहां सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक की गई.

ऑस्ट्रेलिया की मदर टेरेसा यूनिवर्सिटी से Ph.D करने वाले बृजभूषण बीजेपी में शामिल होने से पहले ‘बुंदेलखंड अधिकार सेना’ चलाते थे. उनका जो वीडियो 4 फरवरी को वायरल हुआ उसमें वह बुंदेलखंड अधिकार सेना के दिनों की घटना का ही दावा करते दिखे. 

बृजभूषण ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन को बंधक बना लिया था और तभी छोड़ा तब प्रधानमंत्री कार्यालय से लिखित तौर पर बुंदेलखंड अधिकार सेना को बातचीत के लिए बुलाया आया.

इस वीडियो में बृजभूषण ने स्वतंत्र देव सिंह के साथ हुई नोकझोंक को लेकर कहा,

जनता और विकास की बात मैं कमरे में क्यों करूं? जनता की बात है तो सड़क पर क्यों नहीं कर सकता? अगर मैं सड़क पर बात कर रहा हूं तो आपको गुस्सा क्यों आ रहा है? लोग क्रोधित क्यों हो रहे हैं? उनके (मंत्री स्वतंत्र देव सिंह) समर्थनों को दिक्कत क्या हो रही है? मैं ठेका मांग नहीं रहा, पट्टा मांग नहीं रहा हूं, आपसे पदोन्नति की बात कर नहीं रहा हूं तो आपको दिक्कत नहीं होनी चाहिए.

इसी बयान में उन्होंने यहां तक कह दिया कि जो अधिकारी काम नहीं करते, उन्हें ‘चूड़ी और पेटीकोट’ पहना देते हैं.

यहां सवाल यह उठता है कि बीजेपी तो ‘अनुशासित’ पार्टी मानी जाती है. तो बृजभूषण अपनी ही पार्टी की सरकार के लिए मुश्किल क्यों खड़ी कर रहे हैं?

बृजभूषण महोबा चरखारी में ही अपने ओल्ड पैलेस में रहते हैं. महोबा के लोकल पत्रकारों से हमने बात की. उनका कहना है कि इस बात की सुगबुगाहट पहले से है कि आने वाले चुनाव में बृजभूषण को चरखारी से टिकट मिलना मुश्किल है. ऐसे उन्हें खुद को सुर्खियों में लाने की जरूरत थी.

बृजभूषण लोध समाज से आते हैं. नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक महोबा लोकसभा सीट पर 12 फीसदी लोध आबादी है. रिपोर्ट कहती है कि स्वतंत्र देव सिंह से भिड़ने और लोगों की आवाज़ बनने की बात कहने के बाद महोबा में बृजभूषण के समर्थक बढ़ते दिख रहे हैं. सूत्र यह भी बताते हैं कि आने वाले दिनों में अगर बृजभूषण समाजवादी में शामिल होते हैं तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए.

वीडियो: यूपी में BJP के भीतर टकराव, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और विधायक ब्रजभूषण राजपूत आमने-सामने

Advertisement