पाकिस्तान (Pakistan) में आम चुनाव से एक दिन पहले हुए दो ब्लास्ट में 22 लोगों की मौत हो गई हैं. दोनों धमाके पाकिस्तान के दक्षिण पश्चिमी प्रांत के ब्लूचिस्तान में हुए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक एक धमाका एक निर्दलीय उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय के बाहर हुआ है. इन हमलों में 25 से अधिक लोगों के घायल होने की भी खबर है. फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. पुलिस जांच में जुट गई है. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है.
पाकिस्तान में बम धमाकों में 22 की मौत, कल आम चुनाव होने हैं
पाकिस्तान में यह हमले चुनावी उम्मीदवारों के कार्यालय के बाहर हुए हैं. इससे पहले बीते दिनों पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी की एक रैली को भी निशाना बनाया गया था.

अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहला धमाका अफगान सीमा से 100 किलोमीटर दूर पिशिंग शहर में हुआ. इसमें 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. पिशिन में घटना स्थल के पास खानजई अस्पताल में घायलों को ले जाया गया है. यहां दो दर्जन से अधिक घायल मौजूद हैं. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विस्फोट एक निर्दलीय उम्मीदवार के चुनाव कार्यालय के बाहर उस वक्त हुआ जब वो अपने पोलिंग एजेंट से मिल रहे थे.
दूसरा धमाका बलूचिस्तान के किला सैफुल्लाह के मेन मार्केट में जमीयत-उलेमा-ए-इस्लाम (जेयूआई) पार्टी के उम्मीदवार मौलाना अब्दुल वासे के ऑफिस के बाहर हुआ. इस हमले में 10 लोगों की मौत हुई है. इंडिया टुडे ने प्रांत के सूचना मंत्री के हवाले से बताया कि (जेयूआई) एक धार्मिक पार्टी है जो पहले भी आतंकवादी हमलों के निशाने पर रही है.
कल यानी 8 फरवरी को पूरे पाकिस्तान में आम चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे. इससे ऐन पहले हुए इन धमाकों को लेकर बलूचिस्तान के कार्यवाहक सूचना मंत्री जॉन अचकजई ने खेद जताया है. उन्होंने कहा,”ब्लूचिस्तान में हुए विस्फोट दुखद हैं. कल यहां के लोग घरों से बाहर निकलेंगे और आतंकियों की महत्वाकांक्षाओं पर पानी फेर देंगे. बलूचिस्तान में चुनाव होंगे और यह शांतिपूर्ण होगा. इस दुखद घटना के बावजूद लोग अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे.”

इससे पहले भी ब्लूचिस्तान में चुनावी गतिविधियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से बम धमाकों को अंजाम दिया गया था. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दिनों बलूचिस्तान के ही साबी जिले में पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की एक रैली पर हमले किए गए थे. इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई थी.
वीडियो: भारतीय दूतावास का कर्मचारी ISI के लिए काम करते पकड़ा गया, कैसे खुला पूरा मामला?












