लोग पत्थर पाल रहे हैं, सांप से शादी कर रहे हैं, कहीं कोई इंसान सर्जरी कराकर कुत्ता बन रहा है तो कहीं कुत्तों को कलर करके पांडा बनाया जा रहा है. ये सभी खबरें जब आंखों से गुजरीं तो लगा कि 'यार क्यों?' 'क्या जरूरत थी?'. फिर आती है, रील की दुनिया. यहां का एक तिहाई हिस्सा मजेदार कॉन्टेंट का मान लेते हैं. ठीक-ठाक लगा लें तो कुछ कॉन्टेंट काम चलाऊ होते हैं. माने हैं, तो भी ठीक, नहीं होता तो भी कुछ मिस नहीं होता. फिर एक वो भाग होता है, जिसे देखकर लगता है 'भाई ये क्या था?' इसी वाले हिस्से की सबसे ताजी जो रील आई है, उसमें एक टीचर पेपर चेक करते हुए इंस्टा रील बना रही हैं.
कभी पेपर चेक करते रील तो कभी कब्र पर 'मिनी व्लॉग', वो मौके जब Reel बनाने वालों ने हद कर डाली!
ठीक है! फोटो-वीडियो चीजें यादगार बनाने के लिए होती हैं, पर फिर भी रूको जरा! कहीं तो ठहरना ही होगा!

ये टीचर खुद को पेपर चेक करते हुए फोन से दूर नहीं रख पाईं. वायरल वीडियो बिहार का बताया जा रहा है. कहा जा रहा है कि मैडम ने PPU एग्जाम का पेपर चेक करते हुए रील बनाई थी. हालांकि, ये वायरल हुई तो उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई.
लेकिन, ये पहला मौका नहीं है जब ऐसी किसी सिचुएशन पर बनी रील सामने आई है. पहले भी कई ऐसी पोस्ट सामने आ चुकी हैं, जो 'एकदम हद पार' श्रेणी के लगे. जैसे, इस लड़की ने अपनी 'अप्पी' की मौत पर 'मिनी व्लॉग' बनाया था. 22 अप्रैल को @noorranaofficial नाम की आईडी से ये वीडियो पोस्ट की गई थी. इस पर 'मौत को भी कॉन्टेंट बना दिया', 'कैमरा नहीं बंद होना चाहिए, चाहे सारा टब्बर चला जाए ऊपर' जैसे कमेंट्स कई यूजर्स ने किए थे.
पापा के श्राद्ध पर वीडियोRowhi Rai नाम की यूट्यूबर का दिसंबर, 2022 में एक वीडियो खूब वायरल हुआ. वीडियो का कैप्शन था ‘What I Eat In A Day In my Father’s Sharad, Sharing My Rituals ’. यानी अपने पापा के श्राद्ध के दिन उन्होंने क्या खाया, कैसे पूजा हुई उसका व्लॉग बनाया था. इस वीडियो को देखकर कई यूजर्स भड़क गए थे.
ड्यूटी करती टीचर से पहले दो ऑन ड्यूटी बस ड्राइवर्स की रील भी वायरल हुई थी. मामला कर्नाटक से सामने आया. नॉर्थ वेस्टर्न कर्नाटक रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के दो कर्मचारियों को बस चलाते हुए इंस्टा रील बनाने के कारण सस्पेंड कर दिया गया. वायरल वीडियो में ड्राइवर बस के अंदर छाता लिए नजर आ रहा था. जिसमें वो इस बात का जिक्र कर रहे थे कि अगर बारिश हुई तो यात्री भीग जाएंगे.
इंस्टा रील से पकड़े गए चोरपहले बताए दो उदाहरणों से अगर आपको ये लग रहा हो कि सिर्फ सरकारी कर्मचारी ही काम के वक्त रील बनाने के शौकीन है, तो हम ये गलतफहमी दूर कर देते हैं. बीते साल अक्टूबर में खबर आई थी कि कुछ चोरों ने पैसे चुराने के बाद इंस्टा रील अपलोड की, जिस कारण वो पकड़े गए. मामला कानपुर से सामने आया था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक ज्योतिषी के घर से कैश चुराने के बाद चोरों ने एक इंस्टाग्राम रील बनाई. उन्होंने होटल के बिस्तर पर पैसे फैलाए, एक वीडियो रिकॉर्ड किया और इसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. पुलिस उनका चेहरा पहले ही घटना वाली जगह से मिले सीसीटीवी से पहचान चुकी थी. इसके बाद पुलिस डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से इस रील तक पहुंची और बाद में एक चोर का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने में सफल रही. जिसके पास से लगभग 2 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. इसी तरह की खबर जून 2023 में पंजाब के लुधियाना से भी सामने आई थी, जब पैसों की चोरी के केस में पुलिस ने इंस्टा रील की मदद से आरोपियों को पकड़ा.
रील के लिए पुलिस बैरिकेड्स में आग लगाईबीते मार्च में खबर आई थी कि एक यूट्यूबर ने इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए पुलिस बैरिकेड्स में आग लगा दी. इसके बाद फुटेज ऑनलाइन अपलोड किया. दिल्ली पुलिस ने बताया कि उसने बैरिकेड में केमिकल डालकर आग लगाई थी. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार कर, उस पर 36,000 का जुर्माना लगाया .शख़्स पर आरोप लगा कि उसने इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए बेहद बिजी सड़क के बीच गाड़ी खड़ी की, जिससे सड़क पर जाम लग गया और ट्रांसपोर्ट सिस्टम में समस्या आई. उस पर ये भी आरोप था कि उसने पुलिस पर हमला किया.
ये तो चंद उदाहरण हैं. ऐसे कई मौकों की रील आए दिन सामने आती हैं जिन्हें देखकर समझ नहीं आता कि ‘करें तो करें क्या, बोलें तो बोलें क्या’. वैसे आपने अब तक सबसे अजीब रील कौन सी देखी है, हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताइए.
वीडियो: सोशल लिस्ट: लखनऊ में बीच सड़क निकाली पिस्तौल, गाड़ी टकराने पर गुंडई का वीडियो वायरल











