बिहार (Bihar) के रोहतास में करगहर गांव का एक मजदूर परिवार परेशान है. हाल ही में उनके घर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम आई थी. आयकर अधिकारियों ने बताया कि मजदूर को करोड़ों रुपये का टैक्स भरना होगा. 14 करोड़ रुपये. इतनी बड़ी रकम सुनकर मजदूर के साथ उसके परिवार वालों के भी होश उड़ गए. अब मजदूर के नाम करोड़ों रुपये का टैक्स कैसे आया? वो मजदूर, जो महीने में 10-12 हजार रुपये ही कमाता है.
महीने की कमाई 10-12 हजार, मजदूर के घर 14 करोड़ टैक्स का नोटिस आया, अधिकारी भी हैरान!
मजदूर ने कहा कि अगर वो अपनी प्रॉपर्टी कई बार बेच दे फिर भी इतने पैसे नहीं पाएगा.

आजतक के मनोज कुमार सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, मजदूर का नाम मनोज यादव है. मनोज यादव ने बताया,
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के लोग आए थे. वे बोल रहे थे कि आप कहीं पैसे का लेन-देन किए हैं. बिजनेस किए हैं. करोड़ों का टर्नओवर है.
मनोज यादव ने बताया कि वो दिल्ली और दूसरे राज्यों में जाकर मजदूरी करते हैं. मनोज के मुताबिक, मजदूरी करके वो महीने में 10-12 हजार रुपये ही कमा पाते हैं. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि मनोज यादव के बैंक रिकॉर्ड करोड़ों रुपये का लेन-देन दिखाते हैं. इसलिए मनोज को टैक्स जमा करना होगा.
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के नोटिस से मनोज यादव और उनके परिवार वाले परेशान हो गए. मनोज ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के लोगों से बात की और उन्हें अपनी स्थिति बताई. मनोज ने अधिकारियों से कहा कि अगर वो अपनी पूरी प्रॉपर्टी कई बार बेच भी दें, तब भी वो करोड़ों रुपये का भुगतान नहीं कर सकते हैं.
नोटिस देने वाले अधिकारी भी हैरान!नोटिस लेकर मनोज के घर गए इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारी भी मनोज की आर्थिक स्थिति देखने के बाद हैरान हैं. सासाराम से इनकम टैक्स ऑफिसर सत्य भूषण प्रसाद ने कहा कि इनकम टैक्स (IT) नोटिस हेडक्वार्टर से भेजा गया था.
मनोज का कहना है कि जब वे मजदूरी करने दूसरे राज्यों में जाते हैं, तो बैंक में अपना खाता खुलवाने के लिए पैन कार्ड और आधार कार्ड देते हैं. उन्हें शक है कि उनके पैन और आधार की मदद से उनके नाम का फर्जी खाता खोलकर पैसों का लेन-देन हुआ होगा.
ये भी पढ़ें- मजदूरी से हो रहा था गुजारा, अब JNU में पढ़ाई के लिए मिल गया एडमिशन
वीडियो: CM भगवंत मान के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, कई घायल










