पुलिस ने इस मामले में सुदामा गोंड के बयान पर रिपोर्ट दर्ज की है. सुदामा का आरोप है कि धन्नू गोंड के यहां उनकी बेटी की बारात आई थी. इसी का भोज जारी था. गांव के हीरा गोंड खाना खा रहे थे. खाने के दौरान उन्होंने मछली का सिर और अन्य पीस देने की मांग की. आरोप है कि परोसने में देरी हुई तो हीरा ने सुदामा की पिटाई शुरू कर दी.
भोरा थाने में घटना की FIR दर्ज की गई है. जांच जारी है. फोटो- आजतकसुदामा गोंड के मुताबिक, अजय गोंड, राजा गोंड समेत 5 लोग लोहे की रॉड और लाठी-डंडा आदि लाए और सुदामा, उनके बेटे मुन्ना और बहू रीना देवी को मारपीट कर घायल कर दिया. सभी घायलों को इलाज के लिए भोरे रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सुदामा ने अपनी रिपोर्ट में 5 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है.
इंडिया टुडे ग्रुप से जुड़े गोपालगंज के रिपोर्टर सुनील तिवारी ने कहा,
"सुदामा के मुताबिक खाने के लिए बैठे लोगों को दो-दो पीस मछली के दिए गए थे. इसी के बाद मछली के मुड़े की फरमाइश की गई थी. देर होने पर मछली परोस रहे राजू और मुन्ना को पीटा गया. चश्मदीदों ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कुर्सियां फेंकी जाने लगीं. सुदामा, मुन्ना, अमित, राजू आदि घायल हुए जबकि दूसरे पक्ष से अजय, अभय, राजा, हीरा आदि घायल हुए."घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी. सुदामा की ओर से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है जबकि दूसरे पक्ष ने खबर लिखे जाने तक कोई शिकायत नहीं की थी.
इस मामले में हथुआ SDPO नरेश कुमार ने कहा कि रिपोर्ट मिली है जिसके आधार पर जांच की जाएगी और फिर जो तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
आपको बता दें कि 8 मई को उचकागांव थाना इलाके में एक शादी के दौरान मुर्गे के पीस के साथ लिट्टी नहीं परोसे जाने पर गोली चल गई थी जिसमें एक शख्स की मौत हो गई थी जबकि तीन लोग घायल हो गए थे.
























