The Lallantop

हिंदी सिनेमा के शौकीनों के लिए ये साल की सबसे 'हॉट' न्यूज है

ऐसी खबर आ रही है कि सिनेमाप्रेमी समझ नहीं पाएंगे कि खुश हों या खुशी से नाच जाएं.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
बाबा गुरमीत राम रहीम सिंह इंसान जी की न फिल्म आ रही है. MSG: The Warrior Lion Heart. शुक्रवार को रिलीज होगी. लेकिन अच्छी खबर सिर्फ यही नहीं है. बाबा ने अपनी फिल्म के चाहने वाले, अपने भक्तों, फिल्म इंडस्ट्री और सारे समीक्षकों के दिल की आवाज मानो सुन ली है. उनने ये फैसला लिया कि अब से लायन हार्ट नाम से फिल्म की पूरी सीरीज चलेगी. जिसमें लीड रोल करने वाले हीरो का नाम शेरदिल होगा. और जाहिर है ये शेरदिल का रोल इंसान जी करेंगे. ये खबर सुनने के बाद मैं खुशी के मारे सातवें आसमान पर जा पहुंचा हूं. पांचवे आसमान से वाई-फाई के सिग्नल आ रहे हैं. वहां से इंटरनेट चला रहा हूं. बाबा गुरमीत जी ने ये भी कहा कि सेना के तीनों अंगों के लिएउनने कई-कई बार रक्तदान किया है. और ऐसा काम बाबाजी करते रहेंगे. शहीदों की विधवाओं को एक एक लाख का चेक दे रहे हैं. उरी के शहीदो के घरवालों की भी मदद करेंगे. बाबा जी एक्टर तो हैं ही, रक्षा विशेषज्ञ की तरह भी बोले. एक नए तरह का ही ज्ञान देते हुए उन्होंने बताया कि पाकिस्तान कलाकारों से ज्यादा आतंकी पैदा करता है. क्या पता कौन आर्टिस्ट है कौन जासूस. और अपने प्रतिद्वंदी फवाद खान के लिए भी कुछ कहे हैं. बोले फवाद के लिए देश ही फर्स्ट है. माने पाकिस्तान ही फर्स्ट है तो यहां आए क्यों थे? पहले ही चले जाते. पाक कलाकारों पर बैन की बात भी कह डाले. कहे, वो पाक में ही परफॉर्म करें. अगर उन्हें लगता है कि उनका देश गरीब है तो हमें गर्व है. अब सरकार को क्या चाहिए कि बाबा की बात मानकर सब पर बैन मार दे. सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगने वालों के लिए बोले. अगली बार जब सर्जिकल स्ट्राइक हो तो सेना पर उंगली उठाने वालों को साथ ले जाएं और उन्हें ही आगे रखें. प्रूफ खुद मिल जाएगा. बाबा विदेश मामलों के भी एक्सपर्ट हैं. कहे बलूचिस्तान में हालत खराब है वहां के लोगों को भी आजादी मिलनी चाहिए. क्योंकि बाबा किसानों का भी भला सोचते हैं और कृषि विशेषज्ञ हैं इसलिए कहे किसानों का कर्ज माफ करने से भी ज्यादा ज़रूरी है कि किसान की फसल का उचित रेट सीधे मिले. इसलिए सुझाए बिचौलिए बंद हों.

Advertisement
Advertisement