हरियाणा के भिवानी में दो मुस्लिम व्यक्तियों को जिंदा जलाए जाने के मामले के एक आरोपी ने अपनी ‘बेगुनाही का सबूत’ होने का दावा किया है (Bhiwani Bolero Case Update). मोनू मानेसर नाम के इस आरोपी ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है. ये एक सीसीटीवी फुटेज है. मोनू मानेसर का दावा है कि जिस दिन नासिर और जुनैद नाम के युवकों को उन्हीं की बोलेरो में जिंदा जलाया गया, उस रात वो एक होटल में था. मोनू के मुताबिक ये सीसीटीवी फुटेज उसी वक्त का है. इसमें मोनू होटल में घूमता दिख रहा है.
बोलेरो हत्याकांड के आरोपी ने 'बेगुनाही' वाली होटल फुटेज दिखाई, एक काम के लिए बाहर गया था
बोलेरो गाड़ी में दो नर कंकाल मिले थे. हत्या का आरोप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर है.


आरोपी ने ट्वीट में राजस्थान और हरियाणा पुलिस के टैग करते हुए लिखा,
गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में जो घटना हुई, 14 से 15 की दोपहर तक मैं और मेरे साथी गुरुग्राम के एक निजी होटल में रुके थे. हमारा इस घटना से कोई संबंध नहीं है.
एक अन्य वीडियो में मोनू मानेसर कह रहा है कि इस मामले में उसका और बाकी आरोपियों का कोई हाथ नहीं है. मोनू ने बजरंग दल का भी बचाव करते हुए कहा कि हत्याकांड का हिंदू संगठन से कोई लेना-देना नहीं है. आरोपी ने मामले की जांच में सहयोग करने की बात कही है.
आजतक के मुताबिक, आरोपी मोनू उर्फ मोनू मानेशर ने दावा किया कि 14 फरवरी की रात उसने गुरुग्राम के होटल में एंट्री की थी. फिर 15 फरवरी की सुबह वो होटल से अपने घर कपड़े लेने गया. उसके बाद वापस आ होटल आ गया था. मोनू का कहना है कि 14-15 फरवरी को वो गुरुग्राम के होटल व्हाइट रॉक में था.
गुरुवार, 16 फरवरी को हरियाणा के भिवानी में एक बोलेरो गाड़ी में दो नर कंकाल मिले. बताया गया कि जुनैद और नासिर नाम के दो मुस्लिम युवकों को मारपीट के बाद जिंदा जला दिया गया. जिस बोलेरो में उन्हें जलाया गया वो उन्हीं की थी. मृतक के चचेरे भाई इस्माइल ने बताया है कि दोनों राजस्थान के भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे.
पुलिस ने इस मामले में मोनू मानेसर के अलावा निमूलथान, श्रीकांत निमरोडा, लोकेश और रिंकू सैनी के खिलाफ केस दर्ज किया है. भरतपुर के IG रेंज गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि हत्या क्यों की गई इसका कारण अभी पता नहीं चला है. आरोपियों की तलाश की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद इस बारे में जानकारी साफ होगी.
कौन है मोनू मानेसर?मोनू उर्फ मोनू मानेसर खुद को गोरक्षक बताता है. वो गोरक्षा दल का सदस्य है और बजरंग दल से जुड़ा हुआ है. सोशल मीडिया पर उसके काफी ज्यादा फॉलोअर हैं. वो अक्सर विवादों में रहता है. इससे पहले भी मोनू पर गोतस्करी रोकने के नाम पर मुस्लिम युवक की पिटाई करने का आरोप लग चुका है. वारिस नाम के उस व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
वीडियो: सोशल लिस्ट: निक्की यादव की हत्या के बाद वायरल CCTV, साहिल गहलोत, लिव-इन पर क्या बातें हुईं ?





















