बेल्जियम (Belgium Shooting) की राजधानी ब्रसेल्स में 16 अक्टूबर को दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. ये दोनों नागरिक स्वीडन के हैं. जबकि एक आदमी इस हमले में घायल हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों मृतक फुटबॉल फैन थे, जो वहां बेल्जियम और स्वीडन (Belgium vs Sweden) के बीच होने वाले Euro 2024 क्वालीफायर मैच देखने आए थे. घटना के बाद फुटबॉल मैच को हाफ टाइम के बाद कैंसिल कर दिया गया. इधर, बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रू ने इसे आतंकी घटना करार दिया है.
अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी अभी भी फरार हैं. इस घटना के बाद बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में ‘आतंकी अलर्ट’ को बढ़ा दिया गया है. बेल्जियम की न्यूजपेपर वेबसाइट Het Laatste Nieuws ने इस घटना का एक कथित वीडियो साझा किया है. जिसमें ऑरेंज जैकेट पहने एक हमलावर स्कूटर पर राइफल से फायरिंग करता है और फिर एक बिल्डिंग में घुस जाता है.
बेल्जियम: बीच मैच में दो लोगों की हत्या, PM ने बताया आतंकी हमला, ISIS का कौन सा कनेक्शन सामने आया?
बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रू ने इसे आतंकी घटना करार दिया है. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर पुलिस की गिरफ्त से अभी भी बाहर हैं.


ये भी पढ़ें: गाजा में मदद पहुंचाने के लिए राजी हुए अमेरिका-इजरायल, बाइडन के आने से पहले क्या प्लान बना?
कथित हमलावर ने इस घटना जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि वो इस्लामिक स्टेट (ISIS) से है. वीडियो में वो कहता है,
"अल्लाहु अकबर. मेरा नाम अब्देसलाम अल गुइलानी है और मैं अल्लाह के लिए लड़ाई लड़ रहा हूं. मैं इस्लामिक स्टेट से हूं. हम उससे प्यार करते हैं जो हमसे प्यार करता है और हम उससे नफरत करते हैं जो हमसे नफरत करता है. हम अपने धर्म के लिए जीते हैं और हम अपने धर्म के लिए मरते हैं. आपके भाई ने मुसलमानों के नाम पर बदला लिया. मैंने अब तक 3 स्वीडिश लोगों को मार डाला है. जिनके साथ मैंने कुछ गलत किया है, वे मुझे माफ कर दें और मैं सभी को माफ कर देता हूं. सलाम वालेकुम.''
इस घटना को लेकर बेल्जियम के प्रधानमंत्री अलेक्जेंडर डी क्रू ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया,
''ब्रसेल्स में हुए इस कायरतापूर्ण हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. मैं गृह मंत्री और कानून मंत्री के साथ स्तिथि पर कड़ी नजर रखे हुए हूं.
उन्होंने एक और X पोस्ट में लिखा,
बेल्जियम और स्वीडन का मैच रद्द"ब्रसेल्स में स्वीडिश नागरिकों पर हुए भयानक हमले के बाद मैंने अभी-अभी स्वीडन के प्रधानमंत्री से बात कर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की है. हमारी संवेदनाएं उन परिवारों और दोस्तों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम एकजुट हैं.''
वहीं इस घटना के बाद बेल्जियम और स्वीडन के बीच UEFA EURO 2024 क्वालीफाइंग मैच हाफ टाइम के बाद रद्द कर दिया गया. यूरोपियन फुटबॉल की गवर्निंग बॉडी UEFA ने X पोस्ट में लिखा,
‘’ब्रसेल्स में फायरिंग की घटना के बाद बेल्जियम और स्वीडन के बीच खेले जाने वाले क्वालीफाइंग मैच को रद्द कर दिया गया है. दोनों टीम्स और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया.''
बताते चलें कि जब मैच रद्द किया तब तक दोनों टीम्स के बीच मैच 1-1 की बराबरी पर था. स्वीडन के टीवी चैनल TV6 के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वीडन के खिलाड़ियों ने मैच का दूसरा हाफ खेलने से मना कर दिया. जिसके बाद इस मैच को रद्द करने का फैसला किया गया.
वीडियो: इजरायल-हमास जंग के बीच अमेरिका में फिलिस्तीनी बच्चे को मारने की वजह डरा देगी!



















