The Lallantop

बांदा हादसा : राखी बंधवाकर आ रहे भाई की नाव डूबी, बहन से फोन पर बोलता रहा - "पानी भर रहा है"

नाव पर बैठने के दौरान उसकी कई बार अपनी बहन से बात भी हुई. यहां तक कि जब नाव पलटने वाली थी, तब भी वह अपनी बहन के संपर्क में था.

Advertisement
post-main-image
बांदा नाव हादसे में अभी भी कई लोग लापता हैं (फोटो: एएनआई)

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बांदा (Banda) में गुरुवार, 11 अगस्त को हुए नाव हादसे में अभी भी नाव पर सवार रहे कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक 3 लोगों का शव मिला है, 13 लोगों को बचा लिया गया है और 17 लोग अभी भी लापता हैं. लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान जारी है. और लगातार चल रहे बचाव अभियान के बीच अब लापता लोगों की कहानियां सामने आ रही हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
फोन पर बहन को बताया- 'नाव में पानी भर रहा है'

आजतक के सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक एक भाई अपनी बहन के ससुराल से राखी बंधवाने के बाद घर लौट रहा था. नाव पर बैठने के दौरान उसकी कई बार अपनी बहन से बात भी हुई. यहां तक कि जब नाव पलटने वाली थी, तब भी वह अपनी बहन के संपर्क में था. बहन ने बताया,

“नाव में बैठने के दौरान कई बार बात हुई तो उसने (भाई ने) बताया कि नाव में पानी भर रहा है, हम लोग जिंदगी और मौत से लड़ाई लड़ रहे हैं.”

Advertisement

इसके बाद उनके फोन का संपर्क टूट गया.

भाई के पास नहीं पहुंच पाई राखी बांधने निकली एक बहन

वहीं एक बहन अपने भाई को राखी बांधने के लिए उसी नाव से आ रही थी. भाई इंतजार करता रहा, लेकिन उसकी बहन नहीं आ सकी. आजतक से जुड़े नितेश श्रीवास्तव के मुताबिक फतेहपुर जिले के असोता थाना क्षेत्र के रहने वाले गोरेलाल ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले उनकी बहन से बात हुई थी. बहन ने उन्हें बताया था कि वो नाव में बैठ गई है और राखी बांधने आ रही है. फिर उन्हें सूचना मिली कि जिस नाव पर सवार होकर उनकी बहन आ रही थी, वह यमुना नदी में पलट गई. गोरेलाल यमुना घाट पर देर रात तक अपनी बहन का इंतजार करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला.

हादसे में लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं टीमें

पुलिस प्रशासन और रेस्क्यू टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं. मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद हैं. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुःख जताया है और मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया है. उन्होंने पीड़ितों को तुरंत सहायता और राहत देने के भी निर्देश दिए हैं. वहीं यूपी सरकार के दो मंत्रियों रामकेश निषाद व राकेश सचान को मौके पर पहुंचने के लिए कहा गया है.

Advertisement

वीडियो- अमरनाथ हादसा: हादसे का वो खौफनाक मंजर याद कर रो पड़े श्रद्धालु

Advertisement