कर्नाटक के यादगिर जिले में कथित तौर पर गैर-मुस्लिम लड़की से बात करने के चलते एक मुस्लिम युवक की पिटाई कर दी गई. पीड़ित का आरोप है कि सोमवार, 18 मार्च को वो परीक्षा देने कॉलेज गया था. घर लौटते समय गोगी मोहल्ले के पास कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया. युवक की तस्वीरें भी सामने आई हैं जिनमें उसकी पीठ पर चोटों के निशान दिख रहे हैं. उसकी शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों का संबंध बजरंग दल से बताया गया है.
लड़की से 'बात' करने पर मुस्लिम युवक की पिटाई, बजरंग दल के लोगों पर केस दर्ज
पीड़ित युवक का नाम वाहिद रहमान है. उसने अपने बयान में कहा है कि वो फोन पर किसी परिचित गैर-मुस्लिम लड़की से बातचीत कर रहा था, जिसके चलते उसकी पिटाई की गई.

इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित युवक का नाम वाहिद रहमान है. उसके अपने बयान में कहा है कि वो फोन पर किसी परिचित गैर-मुस्लिम लड़की से बातचीत कर रहा था, जिसके चलते उसकी पिटाई की गई.
पीड़ित ने आगे बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उसे जबरन उठाकर एक कमरे में पांच घंटे तक बंद रखा. उसके बाद मारपीट की. पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर ‘चाकू भी लहराया’ और जान से मारने की धमकी दी. उससे सवाल किए गए कि वो उस लड़की से बातचीत क्यों करता है. लड़के ने कहा कि आरोपियों ने आगे बात करने पर ‘जान से मारने की धमकी’ भी दी.
रिपोर्ट के मुताबिक यादगिर नगर पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इसमें शिवकुमार, तायप्पा, मल्लू, अंबरीश और अन्य के नाम शामिल है. उनके खिलाफ IPC की धारा 143, 147, 148, 307, 323, 341, 342, 363, 504 और 506 जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. हालांकि सभी आरोपी फरार बताए गए हैं. पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- कर्नाटक के पूर्व CM बीएस येदियुरप्पा पर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज, POCSO लगा
वीडियो: कर्नाटक विधानसभा में लगे पाकिस्तान के समर्थन में नारे, फॉरेंसिक रिपोर्ट में पुष्टि












