The Lallantop

यौन शोषण के आरोपों के बाद जेनपैक्ट असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट ने की आत्महत्या

कंपनी की दो महिला सहकर्मियों ने लगाए थे आरोप. अब पुलिस कर रही है दोनों सहकर्मियों से पूछताछ.

Advertisement
post-main-image
स्वरूप राज जिन्होंने खुदकुशी कर ली.

नोएडा के पैरामाउंट सोसायटी में मंगलवार 18 दिसंबर की रात 12 बजे कृति अपने घर आ रही थीं. उनके पति स्वरूप घर पर ही थे. घर पर पहुंचकर कृति ने दरवाजे की घंटी बजाई. लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला. कृति ने अपने पास रखी दूसरी चाबी से दरवाजा खोला. दरवाजा खोलते ही कृति के होश उड़ गए. स्वरूप फंदा लगाकर पंखे से लटके हुए थे. शरीर में जान नहीं बची थी. कृति ने पुलिस को फोन लगाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. स्वरूप जेनपैक्ट कंपनी में असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट के पद पर थे लेकिन पिछले कुछ समय से उन्हें कंपनी ने छुट्टी पर भेज दिया था. उन पर उनकी दो सहकर्मियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

पुलिस ने स्वरूप का लिखा एक सुसाइड नोट भी बरामद किया. इस सुसाइड नोट को उन्होंने अपनी पत्नी के लिए लिखा है. उन्होंने लिखा-

Advertisement

प्रिय कृति, मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं.मेरे ऊपर यौन शोषण के जो आरोप लगे हैं, वो गलत हैं. मैंने कुछ गलत नहीं किया है. मुझे पता है कि ये दुनिया नहीं मानेगी लेकिन मेरे और तुम्हारे परिवारवालों को मेरे ऊपर भरोसा करना चाहिए. ये आरोप निराधार हैं. मैं चाहता हूं कि तुम मजबूत बनो और अपनी जिंदगी इस तरह ही जियो क्योंकि तुम्हें पता है कि तुम्हारे पति ने कुछ गलत नहीं किया. मैं जा रहा हूं क्योंकि हर कोई मुझे अब उन्हीं नज़रों से देखेगा भले ही मैं निर्दोष साबित हो जाऊं.

स्वरूप का सुसाइड नोट.
स्वरूप का सुसाइड नोट.

स्वरूप केरल के एर्नाकुलम के रहने वाले थे. 2007 से जेनपैक्ट कंपनी में ही काम कर रहे थे. अपनी पत्नी से भी वो जैनपेक्ट में ही मिले थे और दो साल पहले कृति से प्रेम विवाह किया था. सितंबर के महीने में ही उनका असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट की पोस्ट पर प्रमोशन हुआ था. कुछ दिनों पहले दो सहकर्मियों ने स्वरूप पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे. इसके बाद उन्हें कंपनी ने आंतरिक जांच पूरी होने तक छुट्टी पर भेज दिया था.

पुलिस जांच में अब तक क्या निकला?

नोएडा पुलिस के एसएसपी अजय पाल शर्मा ने बताया कि खुदकुशी के लिए उकसाने की FIR दर्ज की है. इस FIR में उन दोनों महिलाओं के भी नाम हैं जिन्होंने स्वरूप के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस जांच कर रही है कि स्वरूप पर लगे आरोपों में कितनी सच्चाई है. इनके अलावा जेनपैक्ट के कई अधिकारियों पर भी आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब इन सभी लोगों से जल्द ही पूछताछ करेगी. स्वरूप के परिवारवालों का आरोप है कि अगर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ हुई थी तो उन्होंने पुलिस में मामला क्यों दर्ज नहीं करवाया. साथ ही, कंपनी की इंटरनल कमिटी ने किन सबूतों के आधार पर स्वरूप को सस्पेंड किया. परिजन कंपनी की इंटरनल पॉलिटिक्स की वजह से स्वरूप को कंपनी से बाहर करने की बात कह रहे हैं. खुदकुशी की असली वजह क्या थी ये तो पुलिस की जांच के बाद ही सामने आ पाएगी.

Advertisement



वीडियो-हाजीपुर में भाजपा नेता गुंजन खेमका की गोली मारकर हत्या

Advertisement