The Lallantop

ऑटो ड्राइवर ने टमाटर पर निकाली स्कीम, देखते ही देखते वायरल हो गया!

अनिल कुमार के ऑटो की पीछे लगे पोस्टर में स्कीम की सारी जानकारी है. साथ में उन्होंने अपना नंबर भी दिया है.

Advertisement
post-main-image
चंडीगढ़ के ऑटो वाले की दिलचस्प स्कीम (फोटो- आजतक)

टमाटर के बढ़े हुए दामों (Tomato Price) के बीच चंडीगढ़ के एक ऑटो ड्राइवर ने बड़ी दिलचस्प स्कीम शुरू की है. अगर आप पांच बार उनके ऑटो से सफर करेंगे तो एक किलो टमाटर फ्री मिलेंगे. इतना ही नहीं, उनके ऑटो में सेना के जवान और प्रेग्नेंट महिलाएं फ्री में सफर कर सकते हैं. ऑटो ड्राइवर अनिल कुमार कहते हैं कि इस तरह की स्कीम से उनका रोजगार बढ़ता है, सेवा हो जाती है और लोगों का एंटरनेटमेंट भी हो जाता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अनिल कुमार के ऑटो की पीछे लगे पोस्टर में स्कीम की सारी जानकारी है. साथ में उन्होंने अपना नंबर भी दिया है. आजतक से जुड़े अभिषेक मानरो ने ऑटो ड्राइवर से बातचीत में पूछा कि उनको ये आइडिया कैसे आया? इस पर अनिल कुमार ने बताया,

मौसम की मार के चलते सभी परेशान हैं. टमाटर के रेट आसमान छू रहे हैं. इतना हाहाकार मचा है इसलिए मैंने स्कीम निकाली है कि पांच बार मेरे ऑटो में सफर करने पर एक किलो टमाटर फ्री मिलेंगे. लोगों को लग रहा है कि ये स्कीम फेक है. यहां मेरा नंबर लिखा है. मैं दो लोगों को टमाटर दे भी चुका हूं.

Advertisement

वो आगे कहते हैं,

इस तरह से मेरा रोजगार भी हो गया और उनको फ्री टमाटर भी मिल गए. इसके अलावा जो भी लोग मेरे ऑटो के पीछे इस पोस्टर को पढ़ते हैं उनके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. वो खुश होते हैं. मेरा मानना है कि जिंदगी गुजारने के लिए नहीं जीने के लिए होती है.

उन्होंने कहा,

Advertisement

लोग कहते हैं पेट्रोल चाहे 500 रुपये हो जाए वोट हम बीजेपी को ही देंगे. वो लोग आज महंगे टमाटर नहीं ले सकते.

अनिल कुमार ने बताया कि वो पिछले 12 सालों से इंडियन आर्मी के जवानों और प्रेग्नेंट महिलाओं को फ्री सेवा दे रहे हैं. अनिल बताते हैं,

देश के जवान -40 डिग्री सेल्सियस में खड़े रहकर हमारी सुरक्षा करते हैं. उनसे पैसा लेना मुझे अच्छा नहीं लगता.

अनिल कुमार बताते हैं कि उनके दिल में इंडियन क्रिकेट टीम के लिए बहुत प्यार है. जब भी इंडियन टीम पाकिस्तान से मैच जीतती है तो अनिल पांच दिन तक फ्री में ऑटो चलाते हैं. नीरज चोपड़ा जब देश के लिए ओलंपिक गोल्ड मेडल जीते थे तब भी अनिल ने पांच दिनों के लिए फ्री में ऑटो चलाया था.

ये भी पढ़ें- 'जूते खरीदने पर टमाटर फ्री'- दुकान बंद करवा देगा ये ऑफर?

इससे पहले वाराणसी में एक टैटू शॉप वाले ने टैटू बनवाने वालों को फ्री टमाटर दिए थे. 

वीडियो: महंगे टमाटर का खेल पता लगा, खेतों से रसोई तक पहुंचने के बीच कैसे बढ़ जाते हैं दाम?

Advertisement