उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक किसान को टैक्स फ्रॉड का सरकारी नोटिस मिला. वो भी कोई छोटा अमाउंट नहीं था. 14 करोड़ 66 लाख का नोटिस था. किसान के पास ये नोटिस एक ऐसी कंपनी की वजह से आया, जो फर्जी कामों और टैक्स चोरी में शामिल है. ये कंपनी दिल्ली में रजिस्टर्ड है. मामला बदायूं जिले से शुरु हुआ. यहां वजीरगंज के खुर्रमपुर भमोरी में एक किसान रहते हैं. नाम है भोला सिंह. भोला सिंह ने बताया कि उन्हें 29 मार्च को इनकम टैक्स का एक नोटिस मिला.
'14 करोड़ का टैक्स चुकाओ', यूपी में किसान के घर पहुंचे दो नोटिस
किसान ने बताया कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर वह अपनी सारी जमीन और संपत्ति भी बेच दें, तब भी वह इतनी बड़ी रकम नहीं चुका सकते.


इस नोटिस में उन्हें 1.02 करोड़ रुपये चुकाने का निर्देश दिया गया था. इस नोटिस के कुछ ही समय बाद, जीएसटी ऑफिस से भी नोटिस आ गया. जीएसटी ऑफिस ने उनसे 13.63 करोड़ रुपये की मांग करते हुए एक और नोटिस जारी कर दिया. दिलचस्प बात ये है कि ये सारे नोटिस एक फर्म की वजह से भेजे गए. फर्म का नाम राम स्टोर है. और ये फर्म दिल्ली के नारायणा इंडस्ट्रियल एरिया (फेज-1) में रजिस्टर्ड है.
नोटिस क्यों आया?द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में "राम स्टोर" नाम की फर्म ने सिंह के आधार और PAN नंबरों का इस्तेमाल करके करोड़ों रुपये के लेन-देन किए. बदायूं के डीएम अवनीश राय ने भी इस बात की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए दो सदस्यों की एक टीम बनाई गई है, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त) और कमिश्नर (GST) शामिल हैं. डीएम अवनीश राय ने कहा,
यह मामला धोखाधड़ी और जालसाजी का लग रहा है. जांच टीम पूरी गहराई से जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मामला सामने आने के बाद किसान भोला सिंह ने वजीरगंज पुलिस स्टेशन और साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दोनों जगहों पर शिकायत की है. रिपोर्ट के मुताबिक उनकी शिकायत अभी तक दर्ज नहीं की गई है. भोला सिंह ने कहा कि अगर वह अपनी सारी जमीन और संपत्ति भी बेच दें तब भी वह इतनी बड़ी रकम नहीं चुका सकते. उन्होंने प्रशासन से इस मामले में निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है.
वीडियो: जेवर एयरपोर्ट के बदले किसानों ने त्यागी ज़मीन, बदले में मिला करोड़ों का मुआवज़ा




















