The Lallantop

यूपी के बांदा में यमुना नदी पार कर रही नाव पलटी, कम से कम 20 लोग डूबे

घटना के वक्त नाव में करीब 3 दर्जन लोग सवार थे. बांदा पुलिस ने 3 मौतों की पुष्टि कर दी है.

Advertisement
post-main-image
उत्तर प्रदेश के बांदा में यमुना नदी में नाव पलटी. घटनास्थल की तस्वीर. (आजतक)

उत्तर प्रदेश के बांदा में यमुना नदी में नाव पलटने से कई लोगों के मारे जाने की खबर है. हादसा गुरुवार, 11 अगस्त की दोपहर को हुआ. इंडिया टुडे को मिली जानकारी के मुताबिक घटना के वक्त नाव में करीब 3 दर्जन लोग सवार थे. नाव पलटने से कम से कम 20 लोग नदी में डूब गए. बताया गया है कि इन सभी की मौत हो गई है. हालांकि खबर लिखे जाने तक 3 मौतों की आधिकारिक पुष्टि की गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Banda में Yamuna River पर हुआ हादसा

नाव में सवार लोगों की असल संख्या का पता नहीं चल सकता है. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने अलग-अलग जानकारी दी है. एक व्यक्ति ननकू ने बताया कि नाव पर कोई 40 लोग सवार थे, जिनमें से कई नदी में डूब गए. एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने भी यही जानकारी दी.

Banda Boat Accident का प्रत्यक्षदर्शी ननकू. (तस्वीर- आजतक)

जिस इलाके में ये हादसा हुआ है उसे मरका कहते हैं. इंडिया टुडे/आजतक से जुड़े सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक घटना के बाद यहां के तहसीलदार ने बताया है कि उन्हें भी कम से कम 20 लोगों के डूबने की जानकारी मिली थी. इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. हादसे की खबर मिलने के बाद डीएम भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. वहां मौजूद अधिकारियों और लोगों से पता चला है कि बचाव कार्य में बड़े पैमाने पर गोताखोरों और नावों को लगाया गया है. 

Advertisement

वहीं बांदा पुलिस ने भी अपने ट्विटर हैंडल से घटना की पुष्टि करते हुए बताया है,

“आज 11 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे थाना मरका क्षेत्र के कस्बा मरका में यमुना नदी में फतेहपुर से मरका की ओर आ रही सवारियों से भरी एक नाव पलट गई जिसमें अभी तक 11 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि 3 लोगों की मौत हो गई है. इनमें 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. गोताखोरों की मदद से बचाव कार्य जारी है. एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों को भी बचाव कार्य के लिए बुलाया गया है.”

कुछ मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि हथनीकुंज बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते नदी का बहाव काफी तेज हो गया है. इस वजह से गोताखोरों को लोगों को बचाने में परेशानी हो रही है.

ये भी पढ़ें- क्या योगी आदित्यनाथ ने कहा, शाहरुख खान की पठान फिल्म न देखें?

Advertisement

इस बीच घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से अफसोस जताया गया है. 

सीएमओ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा में नाव हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, NDRF व SDRF की टीम को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं."

पुलिस कस्टडी में मौत के मामले में यूपी सबसे आगे, ये रहा डेटा

Advertisement