The Lallantop

वीडियो: सिर्फ रास्ते से कार हटवाई थी, बीजेपी MLA ने पैर छुआकर माफ़ी मंगवा ली

चुनावी माहौल है. परिवर्तन रैलियां हो रही हैं. इन विधायक का परिवर्तन भी लगे हाथ बीजेपी को कर लेना चाहिए.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
चुनाव का माहौल है. सारी पार्टियां भाषणों में नए-नए सपने दिखा रही हैं. अच्छे शासन का दावा कर रही हैं. बीजेपी भी राष्ट्रीय परिवर्तन रैलियां कर रही है. उसी बीजेपी के एक विधायक महोदय का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें वो एक जूनियर इंजीनियर से अपने पैर छुआकर माफ़ी मंगवा रहे हैं. और गुस्से के मारे मुंह टेढ़ा कर रखा है. वो भी उस बात के लिए जो कोई गुनाह नहीं. लेकिन वो विधायक हैं इसलिए उन्हें लगता है कि जूनियर इंजीनियर ने बहुत बड़ा गुनाह किया है. तो बीजेपी को ये वीडियो देखकर सच-झूठ का पता लगवा लेना चाहिए और अगर वीडियो सच्चा है तो पहले इस विधायक के लिए कुछ परिवर्तन जैसा कर देना चाहिए, ताकि जब वो लोगों से वादे करे तो कुछ उनमें सच सा नजर आये. अगर कोई एक्शन नहीं लिया जाता है तो राष्ट्रीय परिवर्तन की बात करने वालों में और बाकी में फिर कोई फर्क नहीं रह जाता. और ऐसे में परिवर्तन की बात बेमानी लगती है. असम के नगांव जिले का मामला है. काथियाटोली विकास खंड के जूनियर इंजीनियर जयंत दास, राहा विधानसभा क्षेत्र से विधायक दिम्बेश्वर दास के पैर छू रहे हैं. ये वीडियो ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिस (बीडीओ) का है. जो एक न्यूज़ चैनल ने रिकॉर्ड कर लिया.
जानकारी के मुताबिक विधायक दिम्बेश्वर दास गुरुवार को ऑफिस अचानक निरीक्षण करने पहुंचे थे. उस वक्त ड्यूटी पर जूनियर इंजीनियर जयंत दास मौजूद थे. उन्होंने जब ये देखा कि ऑफिस जाने वाली सड़क रास्ते में कार खड़ी होने से ब्लॉक हो गई है और ट्रैफिक बाधित हो रहा है तो उन्होंने रास्ते से उस कार को हटवा दिया.
जयंत दास ने बताया कि इस बात से विधायक के समर्थक नाराज़ हो गए और इसकी शिकायत विधायक से कर दी. वीडियो में दिख रहा है कि बीजेपी विधायक इंजीनियर को डांट रहे हैं. इंजीनियर हाथ जोड़कर माफ़ी मांग रहा है. लेकिन विधायक चिल्लाते हैं तो इंजीनियर उनके पैर छूकर उनसे माफी मांगता है और कहता है हमसे गलती हो गई. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक विधायक ने इस वीडियो के आने के बाद मीडिया के सामने इस बात से इंकार कर दिया है. उनका कहना है कि इंजीनियर ने उनके पैर छूकर माफ़ी नहीं मांगी है. ये झूठ है. अब सच क्या है ये तो तब ही पता चले जब कोई इस वीडियो की पड़ताल करे.

ये रहा वीडियो देख लो

https://www.youtube.com/watch?v=zADNLEPS8PE&feature=youtu.be  

Advertisement
Advertisement