Anand Mahindra इससे पहले भी उनके नाम से चलाई जा रहीं फर्जी बातों के प्रति लोगों को आगाह कर चुके हैं. (फोटो: इंडिया टुडे/ट्विटर)
उद्योगपति आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने उनके नाम से चल रहे क्रिप्टो करेंसी फर्जीवाड़े का खुलासा किया है. उन्होंने ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी है. अपने ट्वीट में आनंद महिंद्रा ने कुछ स्क्रीनशॉट डाले हैं. ये स्क्रीनशॉट 'ब्लास्ट द इनकम' नाम की वेबसाइट से लिए गए हैं. स्क्रीनशॉट्स में एक रिपोर्ट है. इसमें आनंद महिंद्रा की फर्जी बातों को छापा गया है. रिपोर्ट में लिखा है कि आनंद महिंद्रा 'बिटकॉइन एरा' नाम के प्रोग्राम के जरिए हर दिन हजारों डॉलर कमा रहे हैं. यही नहीं, इस रिपोर्ट में आनंद महिंद्रा के हवाले से ये भी बताया गया है कि वो लोगों से इस 'बिटकॉइन एरा' नाम के प्रोग्राम को आजमाने के लिए अपील भी कर रहे हैं. रिपोर्ट में महिंद्रा के हवाले से कहा गया है कि इस प्रोग्राम के जरिए भारत, एशिया और उत्तरी अमेरिका के लोग रातोंरात मालामाल हो रहे हैं. रिपोर्ट में आनंद महिंद्रा का एक फर्जी कोट कुछ इस तरह है,
"आपने शायद क्रिप्टो करेंसी इनवेस्टमेंट के इस नए प्रोग्राम 'बिटकॉइन एरा' के बारे में सुना हो. अभी शायद आपके मन में इसे लेकर आशंका हो. मैं आपकी भावनाओं को समझता हूं. मैंने भी जब पहली बार एक करीबी दोस्त से इसके बारे में सुना था, तो मुझे भी शक हुआ था. लेकिन जब मैंने अपनी आंखों से देखा कि मेरा दोस्त इस प्रोग्राम के जरिए कितना कमा रहा है, तो फिर मैंने भी इसे आजमाया. मुझे खुशी है कि मैंने इसे आजमाया क्योंकि इसके जरिए मैंने बहुत आसानी से ढेर सारे पैसे कमाए."
दूसरी तरफ इन सभी बातों को फर्जी बताते हुए महिंद्रा ने ट्वीट किया,
"अगर ये इतना अनैतिक ना होता, तो काफी मजेदार होता. फिलहाल तो ये काफी खतरनाक है. किसी ने ये सब देखा और मुझे बताया. मैं लोगों को बताना चाहता हूं कि ये सब पूरी तरह से फर्जी है. ये रिपोर्ट फेक न्यूज को अगले स्तर पर ले गई है. मैंने तो क्रिप्टो करेंसी में एक भी पैसा इनवेस्ट नहीं किया है."
आनंद महिंद्रा ने एक और ट्वीट किया. इसमें उन्होंने उनके नाम से चलाए जा रहे एक और फर्जी बयान पर कानूनी कदम उठाने की बात कही है. ये बयान कुछ इस तरह से है,
"एक औसत भारतीय पुरुष अपना दिन कुछ इस तरह से व्यतीत करता है. वो सोशल मीडिया पर महिलाओं को फॉलो करता है. अपनी आशाएं स्पोर्ट्स टीम और अपने सपने उन नेताओं के हवाले कर देता है, जो इनकी कतई परवाह नहीं करते."
इसी ट्वीट में महिंद्रा ने दो और फोटो पोस्ट की हैं. एक में उनकी खुद की फोटो है. जिसके नीचे लिखा है-
मैंने ये बात कभी नहीं कही. दूसरी फोटो जॉली एलएलबी फिल्म के अभिनेता अरशद वारसी की है. इसमें लिखा है-
आखिर इस तरह की फर्जी बातें बनाने वाले लोग कहां से आते हैं. महिंद्रा के इस ट्वीट को ट्विटर पर खासा लाइक किया जा रहा है. एक यूजर ने तो अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की फोटो लगाते हुए लिखा,
"इंटरनेट पर पढ़ी गई हर उस बात का केवल इसलिए यकीन मत करो क्योंकि बात के साथ किसी की फोटो लगी है."
इससे पहले इस साल सितंबर में भी आनंद महिंद्रा ने उनके नाम से चलाए जा रहे फर्जी कोट का खुलासा किया था. इसके ठीक बाद जाने माने उद्योगपति रतन टाटा ने भी उनके नाम से चलाई जा रही फर्जी बात के प्रति लोगों को आगाह किया था. एक इंस्टाग्राम पोस्ट में रतन टाटा ने कहा था कि उन्होंने आधार कार्ड के जरिए शराब की बिक्री का समर्थन कभी नहीं किया.