The Lallantop

आलिया भट्ट का 'गंगूबाई' वाला कोठा टूटने जा रहा है

किसी एक्टर और फिल्ममेकर के लिए इससे ज़्यादा दुखी करने वाली बात नहीं हो सकती.

Advertisement
post-main-image
'गंगूबाई काठियावाड़ी' के पहले पोस्टर में आलिया भट्ट.
आलिया भट्ट और सलमान खान को लेकर संजय लीला भंसाली 'इंशाल्लाह' नाम की फिल्म बना रहे थे. किन्हीं वजहों से वो फिल्म नहीं बन पाई. उसके फौरन बाद यानी जनवरी 2020 में भंसाली ने आलिया को लेकर एक नई फिल्म अनाउंस कर दी. फिल्म का नाम 'गंगूबाई काठियावाड़ी'. एस. हुसैन. ज़ैदी की किताब 'माफिया क्वीन्स ऑफ मुंबई' में छपी एक सेक्स वर्कर की कहानी पर बेस्ड फिल्म. अभी इस फिल्म की शूटिंग कायदे से शुरू भी नहीं हुई थी कि पूरा देश बंद हो गया. हालांकि तब फिल्म के सेट्स वगैरह बन चुके थे. गंगूबाई के कोठे से लेकर पूरा कमाठीपुरा फिल्मसिटी में बनकर तैयार था. लेकिन अब उसे तोड़ना पड़ेगा.
मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक जब लॉकडाउन का ऐलान हुआ, तब सबको ये लगा कि ये महीनेभर  की बात है. तब तक फिल्मसिटी का किराया दे दिया जाएगा. सेट को मेंटेन करने में जो खर्च आएगा, वो भी सह लेंगे. इन सब कामों के लिए पेमेंट अडवांस में हो गया था. लेकिन अब लॉकडाउन बढ़ाया जा चुका है. और कोरोनावायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई की हालत जल्दी नॉर्मल होती नहीं दिख रही. ऐसे में भंसाली ने ये फैसला लिया है कि फिल्म का सेट गिरा दिया जाए. क्योंकि जितनी रकम किराया और मेंटेंनेंस खर्च भरने में जाएगी, उससे कम पैसे में दोबारा सेट बनकर तैयार हो जाएगा. प्रोडक्शन हाउस फिल्म को रियल लोकेशन पर शूट करने वाले ऑप्शन पर भी काम कर रहा है. फिल्म का अनाउंसमेंट टीज़र आप यहां देख सकते हैं:
'गंगूबाई काठियावाड़ी' की कहानी एक सोलह साल की लड़की की है, जो मुंबई के रेड लाइट एरिया में आई. एक डॉन के घर में ठाठ से घुसी. उसे राखी बांध आई. रेड लाइट एरिया में काम करने वाली सेक्स वर्कर्स के अधिकारों के लिए प्रधानमंत्री तक के पास पहुंच गई. या शॉर्ट में यूं समझिए कि ये कहानी है उस लड़की की, जिसकी तस्वीर कमाठीपुरा की हर सेक्स वर्कर अपने पास रखा करती थी. इस बारे में विस्तार से पढ़ना चाहते हैं, यहां क्लिक करिए
. 'गंगूबाई काठियावाड़ी' पहले 11 सितंबर, 2020 को रिलीज़ होने वाली थी. लेकिन अप्रैल तक फिल्म की शूटिंग ही पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाई है.


वीडियो देखें: आलिया भट्ट जो फिल्म कर रही हैं, उससे पहले गंगूबाई काठियावाड़ी कहानी जानिए

Advertisement
इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement