इससे पहले भी अक्षय कुमार नरेंद्र मोदी से कई बार मुलाकात कर चुके हैं.
22 अप्रैल को अक्षय कुमार ने एक ट्वीट किया. कतई नर्वस लग रहे थे. बताया कि कुछ ऐसा करने जा रहे हैं, जो अपने जीवन में आज तक कभी नहीं किया. ऐसे फील्ड में कदम रखने जा रहे हैं, जहां कभी उनका आना-जाना नहीं हुआ. लोगों ने कमेंट में गेस करना चालू कर दिया. अधिकतर का ये मानना था कि वो पॉलिटिक्स जॉइन कर चुनाव लड़ने वाले हैं. ये सब सुनकर अक्षय ने दोबारा ट्वीट किया और बताया कि वो चुनाव लड़ने नहीं जा रहे और इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है. कई तुक्के लगाए गए लेकिन कोई फिट नहीं हो पाया. अब अक्षय कुमार ने खुद ही उस चीज़ के बारे में बता दिया है, जो वो करने वाले थे. 23 अप्रैल की शाम अक्षय ने एक और ट्वीट किया और एक वीडियो शेयर किया. इसमें वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठे बातचीत करते नज़र आ रहे थे. पूरा ट्वीट पढ़ने और वीडियो देखने के बाद समझ आया कि अक्षय कुमार ने नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिया है. इस ट्वीट में अक्षय कुमार लिखते हैं-
जहां सारा देश चुनाव और राजनीति पर बात करने में उलझा हुआ है, यहां आपको उस माहौल से थोड़ी देर के लिए आज़ादी मिलेगी. मैं खुद को सौभाग्शाली मानता हूं कि मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राजनीति से इतर बातचीत करने का मौका मिला. प्रधानमंत्री से जुड़ी वो बातें, जो बहुत कम लोगों को पता है, जानने के लिए कल सुबह 9 बजे एएनआई देखें.
अक्षय की ये बात उनकी पिछले ट्वीट का दावा खारिज़ करती है, जिसमें उन्होंने बताया था वो जो करने जा रहे हैं, उसका चुनाव या राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है. देश में चल रहे आम चुनाव के बीच एक सुपरस्टार प्रधानमंत्री का इंटरव्यू ले रहा है और इसका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है. ये बात कुछ हजम नहीं हो रही. दो ट्वीट करते हुए अक्षय कुमार ने उस इंटरव्यू के दो क्लिप्स भी शेयर किए हैं. पहले वीडियो में नरेंद्र मोदी अपने परिवार और मां के बारे में बात करते नज़र आ रहे हैं.
अक्षय कुमार जब परिवार के साथ रहने के बारे में जब मोदी से पूछते हैं, तो पीएम उन्हें बताते हैं कि कैसे उन्होंने बिलकुल कम उम्र में अपना परिवार वगैरह सबकुछ छोड़ दिया था. अब उनकी मां भी उन्हें कहती हैं कि अपने काम पर ध्यान दें, उनके ऊपर अपना समय न खर्च करें. वहीं दूसरे वीडियो क्लिप में अक्षय कुमार पीएम मोदी को और मोदी जी अक्षय कुमार को चुटकुला सुनाते नज़र आ रहे हैं. अक्षय के इस ट्वीट को रीट्ववीट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा-
''अक्षय आपसे राजनीति और चुनाव के अलावा सभी चीज़ों के बारे में बात करके अच्छा लगा. उम्मीद करता हूं लोगों को भी हमारी बातचीत पसंद आए.''
ये पूरी बातचीत कितनी अराजनीतिक है, ये तो हमें अक्षय कुमार और नरेंद्र मोदी का पूरा इंटरव्यू देखने के बाद ही पता चलेगा.
वीडियो देखें: मोदी पसंद हैं, पूछा क्यों तो हैरान करने वाले जवाब मिले