1 अप्रैल की सुबह नोएडा का एक यू-टर्न खबरों में आया था. नोएडा अथॉरिटी की CEO रितु माहेश्वरी के ट्वीट के बाद यू-टर्न को लेकर (Noida U-turn viral video) चर्चा बढ़ी थी. चर्चा बढ़ने के साथ-साथ सवाल भी पूछे जाने लगे. एक सवाल किया सपा नेता अखिलेश यादव ने. अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने ट्वीट कर ये जानना चाहा कि एक यू-टर्न बनाने में एक करोड़ रुपये कैसे लग गए?
अब अखिलेश यादव ने 'एक करोड़ के यूटर्न' पर हंसी उड़ाते बता दिया- सरकार क्या करेगी
नोएडा का एक करोड़ रुपये का यू-टर्न वायरल हो रहा है.
.webp?width=360)

नोएडा सेक्टर 67-70 की सड़क पर बने यू-टर्न का वीडियो पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा,
“एक यू-टर्न बनाने में एक करोड़ रुपये कैसे लग गए? अगर इस भ्रष्टाचार की जांच हो तो पूछनेवाले को देखते ही बीजेपी सरकार यू-टर्न ले लेगी.”
अखिलेश के इस यू-टर्न वाले ट्वीट पर नोएडा अथॉरिटी ने रिप्लाई कर अपना पक्ष भी रखा. नोएडा अथॉरिटी ने लिखा,
“इस 99 लाख 71 हजार रुपये के बजट में कुल 4 यू-टर्न, 100 मीटर सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, टाइल्स समेत अन्य कार्य भी शामिल हैं.”
नोएडा अथॉरिटी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक यू-टर्न बनने के अलावा 37 फीसदी काम पूरा हो चुका है. शेष काम जारी है.
दरअसल, नोएडा में इतने बजट का यू-टर्न कोई पहली बार नहीं बना है. इससे पहले भी नोएडा में ऐसा कायाकल्प हो चुका है. एक और यू-टर्न बना था. 1.5 करोड़ रुपये का. ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने 3 फरवरी को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी. यू-टर्न सूरजपुर-कासना रोड पर बना था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ग्रेनो प्राधिकरण ने बताया कि इस यू-टर्न के निर्माण से ट्रैफिक सुचारू रूप से चलाया जा सकेगा.
इधर, नोएडा अथॉरिटी के 99 लाख 71 हजार रुपए में बने यू-टर्न की खबर आते ही सोशल मीडिया पर लोगों के कॉमेंट्स की स्पीड बढ़ गई. छोटे नाम के एक यूजर ने लिखा,
“क्या बनाया गया है? क्या आप इसमें लगी लागत का ऑडिट दे सकते हैं?”
सिदरा नाम की एक यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि बहुत सस्ता बना है. सिदरा ने लिखा,
“कम से कम 10 करोड़ रुपये में बनना चाहिए था. इतना सस्ता किसने बना दिया. इसकी जांच होनी चाहिए. कहीं दो नंबर का मटेरियल तो नहीं लगा दिया. 10-20 करोड़ में बनने वाली चीज एक करोड़ में ही बना दी. वाह क्या अमृत काल चल रहा है.”
सिद्धार्थ नाम के एक सज्जन ने पूछ लिया कि यू-टर्न में क्या लगाया है? उन्होंने लिखा,
“99.71 लाख का यू-टर्न? यू-टर्न में सोना लगाया है या भ्रष्टाचार है?”
लोग तो इस मामले पर अलग-अलग कॉमेंट कर रहे हैं. वैसे आपका इस पूरे मामले पर क्या मानना है? हमें कॉमेंट करके बताइए और ऐसी ही वायरल खबरों के लिए पढ़ते रहिए दी लल्लनटॉप.
वीडियो: राहुल गांधी भड़के तो राजदीप सरदेसाई ट्रेंड हुए, इस नोक-झोंक पर और क्या पता लगा?






















