The Lallantop

का बेटा? किस्मत जबर है तुम्हारी! मुफत में बंट रहा है डेटा, ले लो! अरे ले लो!

एयरटेल दे रहा है फ्री डेटा और कॉल्स. साल भर. सभी को.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
रिलायंस जिओ के आ जाने के बाद से सलाह अब एकमात्र चीज नहीं है जो मुफ़्त में मिलती है. डेटा भी मुफ़्त में मिल रहा है. बंट रहा है एकदम. असगर (लल्लनटॉप वाला नहीं, वासेपुर वाला) के शब्दों में कहा जाए तो "का बेटा? किस्मत जबर है तुम्हारी. मुफत में बंट रहा है डेटा. ले लो! अरे ले लो!" घोड़े को जब नाल ठुकती है तो मेंढकी भी टांग उठा देती है. एयरटेल वही मेंढकी है. हालांकि इस मेंढकी का साइज़ काफी बड़ा है. एयरटेल ने भी फ्री डेटा बांटना चालू कर दिया है. मित्तल जी की कंपनी कह रही है कि 9000 का फ़ायदा देंगे एक साल में. 9 के आगे 3 ज़ीरो हैं. माने नौ हज़ार. ये सब मिलेगा एक साल के अन्दर. नया कस्टमर हो चाहे पुराना. सबको बराबर बंटेगा.

प्रीपेड वाले यहां पढ़ें:

ये स्कीम 4 जनवरी से शुरू हो चुकी है. खतम होगी इस साल दिसंबर के अन्त में. यानी 31 दिसंबर 2017 को. इस ऑफर में आप 345 रुपये का रीचार्ज करवाएंगे तो आपको 1 जीबी के कोटे में 3 जीबी और मिलेगा. मुफ़्त! मुफ़्त! मुफ़्त! इस पैक में फ्री कॉल्स भी मिलेंगी. एसटीडी (एड्स नहीं) भी और लोकल भी. पहली बार जो फ्री डेटा मिलेगा वो आपको MyAirtel ऐप से मिलेगा. माने आपको ऐप डाउनलोड करनी ही पड़ेगी. बाकी बार जो भी डेटा मुफ़्त में मिलेगा वो रीचार्ज करवाते ही मिलेगा. इस पैक की सुविधायें 28 दिन चलेंगी. उसके बाद फिर से चढ़ावा चढ़ाना होगा. आप इस स्कीम के मैक्सिमम 13 बार मजे ले सकते हैं. ये नहीं कि जैसे ही 4 जीबी डेटा खतम हुआ वैसे ही फिर 345 रुपये से रीचार्ज करवा लिया.

पोस्टपेड वाले इत्थे आओ:

इन्हें भी MyAirtel ऐप डाउनलोड करनी पड़ेगी. उसके अलावा आपका जो भी प्लान है उसमें 3 जीबी डेटा और जुड़ जायेगा. माने अगर आपके 549 रुपये वाले प्लान में अगर पहले 3 जीबी डेटा मिलता था तो वो अब 6 जीबी हो जायेगा. पोस्टपेड़ का फ़ायदा ये होगा कि आप महीने में एक ही बार ये फ्री फैसिलिटी से मजे ले सकते हैं. ये फ्री डेटा एयरटेल के सभी MyPlans पर मौजूद होगा. इन MyPlan प्लान्स में पहले से ही फ्री कॉलिंग फ्री एसएमएस मिलता है इसलिए उनकी चिंता तो आपको करनी ही नहीं है. हा ये ज़रूर होगा कि आप Wynk Music और Wynk Movies का फ्री सब्सक्रिप्शन पा सकते हैं. चालाकी तो ये है कि सब्सक्रिप्शन के बाद जो डेटा जायेगा वो तो मित्तल साहब का ही होगा. वही डेटा जो ये मुफत में दे रहे हैं. माने देंगे भी और खर्च करने का जुगाड़ भी साथ ही में चिपका देंगे. खैर, देख लीजिये. आपको क्या करना है. ये सभी फ्री बेनिफिट्स नए और पुराने कस्टमर्स को मिलेगा. उन्हें भी जो पाले बदलकर एयरटेल की शरण में आना चाहते हैं.

Advertisement
Advertisement