अग्निपथ योजना के तहत सेना में जवानों की भर्ती के नियम कुछ बदल गए हैं (Agniveer Recruitment Process Changed). नए नियमों के मुताबिक, सबसे पहले उम्मीदवारों को एक कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) देना होगा. ये एग्जाम ऑनलाइन होगा. जो लोग इसे पास करेंगे वो ही आगे बढ़ेंगे. फिर सेलेक्ट हुए उम्मीदवारों का फिजिकल फिटनेस टेस्ट होगा. आखिर में मेडिकल टेस्ट किया जाएगा. शुक्रवार, 3 फरवरी को सेना ने एक विज्ञापन जारी किया. इसमें भर्ती के तीनों पड़ाव के बारे में जानकारी दी गई है.
अग्निवीर भर्ती के लिए नियम बदल गए हैं, सबकुछ यहां जान लीजिए
पुराने नियम में सबसे पहले फिजिकल फिटनेस टेस्ट होता था.


पहले जो नियम थे उसमें पहले फिजिकल फिटनेस टेस्ट होता था फिर मेडिकल टेस्ट होता था और आखिर में एंट्रेस एग्जाम होता था. विज्ञापन में भर्ती की नई प्रक्रिया समझाई गई है.
चरण 1- सभी उम्मीदवारों के लिए नामित केंद्रों पर ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम होगा.
चरण 2- भर्ती रैलियों के दौरान CEE में सेलेक्ट हुए उम्मीदवारों का फिजिकल टेस्ट होगा.
चरण 3- मेडिकल जांच.

इसमें जानकारी दी गई है कि साल 2023-24 में भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फरवरी के मिड में शुरू हो जाएगा. सभी जानकारी इंडियन आर्मी की ऑफिशियल वेबसाइट पर भी मौजूद है.
क्यों बदले नियम?सेना के अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए द इंडियन एक्सप्रेस को बताया-
भर्ती रैलियों में हजारों उम्मीदवार आते हैं. उनके सेलेक्शन प्रोसेस में भारी लागत और लॉजिस्टिक व्यवस्था की जरूरत पड़ती है.
अधिकारी बताते हैं-
पहले वाली प्रक्रिया में बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग की जाती थी. उससे प्रशासनिक संसाधनों पर जोर पड़ता है. जब ज्यादा उम्मीदवार होते हैं तो भर्ती रैलियों में कानून और व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की जरूरत पड़ती है. मेडिकल स्टाफ में भी ज्यादा लोग चाहिए होते हैं.
माना जा रहा है कि नई भर्ती प्रक्रिया से रैलियों के आयोजन में लागत काफी हद तक कम हो जाएगी. प्रशासनिक और लॉजिस्टिक बोझ भी कम हो जाएगा. एक दूसरे अधिकारी ने कहा-
नई प्रक्रिया में सबसे पहले एंट्रेंस टेस्ट देना होगा. इससे बेहतर योग्य उम्मीदवार पहले सेलेक्ट हो जाएंगे. फिर उनका फिजिकल फिटनेस और मेडिकल टेस्ट होगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 19,000 अग्निवीर सेना में शामिल हो चुके हैं. 21,000 अग्निवीर मार्च के पहले हफ्ते से सेना में शामिल होंगे. भर्ती की नई प्रक्रिया, अगली भर्ती में शामिल होने वाले लगभग 40,000 उम्मीदवारों पर लागू होगी.
वीडियो: अग्निवीर योजना: किस आधार पर अग्निवीरों को मिलेगी पक्की नौकरी?





















