The Lallantop

यूपी के मंत्री बोले- भगवा रंग से ऊर्जा मिलती है और कुछ घंटे बाद रंग गायब

राजधानी लखनऊ का मामला, दो दिन से चल रहा था विवाद.

Advertisement
post-main-image
लखनऊ में हज समिति के ऑफिस को भगवा रंग से पोतने पर चल रहा था विवाद.
उत्तर प्रदेश में स्कूलों से लेकर बस और तमाम सरकारी बिल्डिंगों को भगवा रंग में रंग दिया गया है. इनकी चर्चा तो खूब होती थी पर कोई खास विवाद नहीं हुआ. मगर अब विवाद हो गया है. इतना कि सरकार को बैकफुट पर आना पड़ गया. दरअसल, राजधानी लखनऊ में विधानसभा के ठीक सामने पड़ता है हज समिति का ऑफिस. हरे और सफेद रंग की इसकी दीवारों पर भगवा रंग पोत दिया गया था. सोशल मीडिया से लेकर हर जगह इसे ट्रोल किया जाने लगा. नतीजा ये हुआ कि एक दिन बाद ही ये भगवा रंग हटवा दिया गया. अब इस पर क्रीम कलर का पेंट करवा दिया गया है. देखें-
हज समिति को अब क्रीम कलर से पेंट करवा दिया गया है.
हज समिति को अब क्रीम कलर से पेंट करवा दिया गया है.

कलर तो बदल गया है. मगर बीजेपी के इकलौते मुस्लिम मंत्री मोहसीन रजा के बयान का क्या हुआ जो एक दिन पहले इस कदम को जायज ठहरा रहे थे. वो बोले थे-
बिल्डिंग को भगवा पोतने के फैसले का विरोध करने की क्या जरूरत है. भगवा रंग तो ईश्वर का तोहफा है. ये तो खुशी का प्रतीक है. जब बच्चा पैदा होता है तो आसमान की ओर देखता है. उस वक्त भी इंद्रधनुषी रंग दिखाई देता है, जिसमें भगवा रंग सबसे ज्यादा चमकदार होता है. ये ईश्वर का बनाया वो रंग है, जिससे पॉजिटिव एनर्जी मिलती है. हर व्यक्ति को अपने घरों का कुछ हिस्सा भगवा रखना चाहिए. इससे विचार भी अच्छे होते हैं.
मगर बताइये मंत्री जी की भी एक ना चली और रंग बदलवा दिया गया. कितनी ऊर्जा मिल रही थी उनको भगवा रंग से. पर अब क्या होगा. खैर इसका इंतजाम कहीं और पर कर दिया गया है. खबर है कि लखनऊ के ही लॉरेटो कॉन्वेंट की बाउंड्री पर भगवा रंग चढ़वा दिया गया है.
लखनऊ के स्कूल लॉरेटो कॉन्वेंट की बाउंड्री को भगवा रंग से पुतवा दिया गया है.
लखनऊ के स्कूल लॉरेटो कॉन्वेंट की बाउंड्री को भगवा रंग से पुतवा दिया गया है.

इसके साथ ही 1939 में बनी लखनऊ की कैसरबाग कोतवाली में भी भगवा रंग पुतवा दिया गया है. रंग बना रहेगा या नहीं, ये तो बाद की बात है. मगर फिलहाल मोहसिन रजा को ऊर्जा मिलती रहेगी.
लखनऊ की कैसरबाग कोतवाली पर भी चढ़ा भगवा रंग.
लखनऊ की कैसरबाग कोतवाली पर भी चढ़ा भगवा रंग.

ठेकेदार पर चला डंडा
उधर, हज समिति ने सारा दोष ठेकेदार पर मढ़ दिया है. हज समिति के सेक्रेटरी आरपी सिंह ने विवाद पर जवाब देते हुए कहा कि जो रंग तय हुआ था ठेकेदार ने उस रंग को गाढ़ा कर दिया. आदेश तो ये था कि अगल-बगल की बिल्डिंगों से मैच करता हुआ रंग कर दिया जाए पर ठेकेदार ने गलती कर दी. उस पर कार्रवाई की जा रही है. बता दें कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई हो भी गई है. उसे ब्लैकलिस्ट किए जाने की खबर है.
लेटर भी जारी हो गया है.
लेटर भी जारी हो गया है.

विपक्ष ने खूब चलाए तीर
सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि काम की बात करने के बजाए योगी सरकार ऐसे कैम्पेन चलाकर लोगों को अलग-अलग करने की भावना से काम कर रही है. ये बेहद गलत है. वहीं कांग्रेस प्रवक्ता सत्यदेव त्रिपाठी ने कहा कि ये सब ढोंग है, अपनी गलतियों पर पर्दा डालने के लिए. हर रोज हत्याएं लूट हो रही हैं, उन्हें कोई रंग ऐसा भी बनाना चाहिए, जिससे कानून व्यवस्था सुधर जाए, ये सब रुक जाए. ये बेकार है और इससे कुछ बदलने वाला नहीं है."


लल्लनटॉप वीडियो देखें-

ये भी पढ़ें-
आलू किसानों का गुस्सा अब सीएम योगी के घर तक पहुंच गया है

आलू को सच में सोना बनाने की ये है तरकीब

यूपी में 10 पैसे में एक किलो आलू क्यों बिक रहा है?

जब गेस्ट हाउस कांड हुआ था, तब लखनऊ SSP थे यूपी के नए DGP

अंकित तोमर आपके लिए मर गया, आपको पता चला?

इस BJP सांसद को आर्मी के जवानों का मरना आम बात लगती है!

Advertisement
Advertisement