पश्चिमी अफ़गानिस्तान (Afghanistan Earthquake) में 7 अक्टूबर को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. समाचार एजेंसी AP ने तालिबान प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि भूकंप की वजह से अब तक 2000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.3 दर्ज की गई है. भूकंप का केंद्र अफ़गानिस्तान के हेरात शहर से करीब 40 किमी की दूरी पर था.
Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान भूकंप में 2,000 से ज्यादा लोगों की मौत, सैकड़ों दबे
तालिबान प्रवक्ता के हवाले से बताया है कि भूकंप की वजह से अब तक 2000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है. रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.3 दर्ज की गई है.


समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक़, तालिबान के एक प्रवक्ता ने 8 अक्टूबर को कहा कि भूकंप की वजह से 2,000 लोगों की मौत हो गई है और यह दो दशकों में देश में आए सबसे घातक भूकंपों में से एक है.
दूसरी तरफ़ देश के सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल वाहिद रेयान ने कहा कि हेरात में भूकंप से मरने वालों की संख्या मूल रूप से अधिक बताई गई है. उन्होंने लोगों के लिए मदद की अपील करते हुए ये बात कही है. उन्होंने बताया कि भूकंप की वजह से लगभग छह गांव बर्बाद हो गए हैं और सैकड़ों नागरिक मलबे के नीचे दब गए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र ने शुरुआत में मृतकों की संख्या 320 बताई थी, लेकिन बाद में कहा कि इस आंकड़े की अभी पुष्टि की जा रही है. लगातार इसे अपडेट किया जाएगा. अपडेट में ये भी बताया कि भूकंप में 465 घर बर्बाद हो गए हैं. संयुक्त राष्ट्र की तरफ से कहा गया,
“कुछ लोग अभी ढही हुई इमारतों के नीचे फंसे हो सकते हैं, उन्हें निकालने का प्रयास जारी है. इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.”
मिली जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र हेरात शहर से लगभग 40 किलोमीटर दूर ज़ेंडा जान ज़िले के चार गांवों में था. भूकंप के तीन बहुत तेज़ झटके 6.3, 5.9 और 5.5 की तीव्रता के साथ आए थे. इसके साथ कम तीव्रता वाले भी कई झटके आए.
AP से बातचीत करते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि 7 अक्टूबर को दोपहर से ही भूकंप के झटके आना शुरू हो गए थे. हेरात शहर के रहने वाले समदी ने कहा,
“भूकंप के झटकों के बाद सभी लोग अपने घरों से बाहर हैं. घर, ऑफिस और दुकानें, सभी खाली हैं क्योंकि और झटके आने की आशंका है. मैं और मेरा परिवार अपने घर के अंदर थे, मुझे भूकंप महसूस हुआ. मेरा परिवार चिल्लाने लगा और हम सब बाहर भाग गए.”
ये भी पढ़ें: आज का भूकंप बड़ी आफत का संकेत? तुर्किए भूकंप की 'भविष्यवाणी' करने वाले ने क्या कहा था?





















