पिछले दिनों अडानी पर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आई थी. उसमें चीन के साथ अडानी के रिश्तों को लेकर सवाल उठे थे. कुछ चीनी व्यापारियों के साथ बिजनेस करने के आरोप भी लगे. रिपोर्ट में कई जगह मॉरिस चांग नाम के शख्स का जिक्र था (Morris Chang and Adani). अब मॉरिस चांग ने चीनी नागरिक होने की बात से इनकार किया है. बताया- मैं ताइवान का नागरिक हूं.
अडानी और चीन को जिन 'मॉरिस चांग' के नाम पर जोड़ा, वो क्या बोल चौंका गए?
हिंडनबर्ग रिपोर्ट में आया था नाम. कांग्रेस ने किया था बवाल.


NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉरिस चांग अडानी ग्रुप के लिए पोर्ट, टर्मिनल, रेल लाइनें आदि बनाने वाली कंपनी पीएमसी प्रोजेक्ट्स इंडिया के निदेशक हैं. मॉरिस ताइवान के जाने-माने उद्योगपति हैं और उनका कई देशों में कारोबार है.
PTI के मुताबिक, मॉरिस चांग की तरफ से आए एक मेल में बताया गया-
मेरे पास रिपब्लिक ऑफ चाइना का पासपोर्ट है, जो कि ताइवान का ही आधिकारिक नाम है. ये चीन से अलग है. चीन को आधिकारिक तौर पर पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के रूप में जाना जाता है.
उन्होंने आगे लिखा-
ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि मेरी राष्ट्रीयता पर सवाल उठाए जा रहे हैं और इसे राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है. मैं आपको पहले ही अपनी नागरिकता के बारे में बता चुका हूं. मेरा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है.
चांग ने अडानी के साथ संबंधों को लेकर लिखा-
मैं ताइवान में स्थापित एक उद्योगपति हूं. वैश्विक व्यापार, शिपिंग, इंफ्रा प्रोजेक्ट्स, शिप-ब्रेकिंग आदि में व्यापार करता हूं. जहां तक अडानी ग्रुप की बात है, मामला कोर्ट के अधीन है और मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा.
पिछले दिनों विपक्षी पार्टी कांग्रेस की तरफ से भी अडानी और चीन के संबंधों को लेकर सवाल उठाए गए. सरकार पर हमला करने के लिए चांग की कथित चीनी पहचान का भी इस्तेमाल किया गया. पूछा गया कि अडानी को चीन के साथ अपने संबंधों के बावजूद भारत में पोर्ट ऑपरेट करने की अनुमति क्यों दी गई.
वीडियो: फोर्ब्स 2023 बिलेनियर लिस्ट में जेरोधा के फाउंडर्स आए हैं, अंबानी-अडानी कौन से नंबर पर रहे?






















