The Lallantop

चंद्रयान 3 पर 'चायवाला' जोक मार ट्रोल हुए प्रकाश राज ने लैंडिंग के बाद क्या लिखा?

चायवाले जोक के चलते प्रकाश को इतना ट्रोल किया गया था कि उन्हें सफाई देनी पड़ी थी.

Advertisement
post-main-image
विक्रम की सफल लैंडिंग के बाद प्रकाश राज ने क्या ट्वीट किया? (साभार - ट्विटर)

एक्टर प्रकाश राज ने चंद्रयान-3 मिशन के सफल होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस लम्हे को सिर्फ भारत नहीं, मानवता के लिए गर्व वाला बताया है. उन्होंने ISRO, Chandrayaan3, Vikram Lander और जिसने भी इस मिशन को सफल बनाने में योगदान दिया, सबको शुक्रिया भी कहा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इससे पहले चंद्रयान मिशन पर अपने एक ट्वीट को लेकर प्रकाश राज कई लोगों के निशाने पर आ गए थे. उस पर थोड़ी देर बाद बात करेंगे. पहले आज का ट्वीट देखें. विक्रम लैंडर के चांद पर सफल लैंडिंग के बाद प्रकाश राज ने लिखा,

'भारत और पूरी मानवता को गर्व होगा. ISRO, Chandrayaan3, Vikram Lander और जिसने भी इसे सफल करने में योगदान दिया, सबका शुक्रिया. आशा करता हूं कि इसके बाद हम ब्रह्माण्ड से जुड़े रहस्यों के बारे में और जान पाएंगे.' 

Advertisement
क्यों ट्रोल हुए थे प्रकाश?

वहीं इससे पहले सोमवार, 21 अगस्त को पूरा दिन प्रकाश राज का एक जोक बवाल काटता रहा जो उन्होंने चंद्रयान-3 मिशन को लेकर किया था. इसमें एक चायवाले का कार्टून पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा था,

“ब्रेकिंग न्यूज: विक्रम लैंडर की चांद पर खींची पहली तस्वीर, वाऊ!”

प्रकाश के उस ट्वीट ने कई लोगों को नाराज़ किया. उन्होंने इसे चंद्रयान-मिशन का अपमान मान लिया. कहा कि प्रकाश भारत के महत्वाकांक्षी मिशन का मजाक उड़ा रहे हैं जो कामयाब होने के बहुत नजदीक पहुंच गया है. कई लोगों ने प्रकाश राज के लिए अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया. 

Advertisement

फिर 21 अगस्त की ही शाम प्रकाश राज ने एक और ट्वीट किया. इसमें उन्होंने ट्रोल्स को नफरती बताते हुए कहा,

"नफरत को नफरत ही दिखती है... मैं तो आर्मस्ट्रॉन्ग के टाइम के (मतलब बहुत पुराना, 1969) जोक की बात कर रहा था, हमारे केरल के चायवाला का जश्न मनाते हुए. ट्रोल्स ने कौन सा चायवाला देख लिया? अगर आपको एक मजाक समझ नहीं आता तो ये आप ही का मजाक है. थोड़ा मैच्योर हो जाइए."

प्रकाश राज के इस दावे के बाद द लल्लनटॉप ने सोशल मीडिया खंगाला तो पता चला, उनकी बात गलत नहीं थी. ऐसे कई मीम्स सोशल मीडिया ही नहीं, न्यूज़ में भी कवर किए गए हैं. वो पूरी रिपोर्ट आप यहां पढ़ सकते हैं.

चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद एक्टर्स, क्रिकेटर्स समेत तमाम खास-ओ-आम ने ISRO और देश को बधाई दी है. सचिन तेंडुलकर, शाहरुख़ ख़ान, विराट कोहली, रोहित शर्मा, अक्षय कुमार, सबने अपनी-अपनी भावनाएं सोशल मीडिया पर जाहिर की हैं. विक्रम के लैंड होते ही प्रधानमंत्री मोदी ने भी देश को संबोधित किया. वे फिलहाल BRICS Summit के लिए दक्षिण अफ्रीका गए हुए हैं. उन्होंने वहीं से अपनी बात रखी. पीएम मोदी ने क्या कहा, आप यहां पढ़ सकते हैं.

वीडियो: सोशल लिस्ट: प्रकाश राज चांद और चायवाले ट्वीट पर बुरा फंसे

Advertisement