The Lallantop

बीमारी से लौटने के बाद इरफान खान ने फैंस के सामने अपना दिल खोलकर रख दिया है

इरफान का ये लेटर दिन की सबसे स्वीट चीज़ है.

Advertisement
post-main-image
आने वाले दिनों में इरफान खान अपनी सुपरहिट फिल्म 'हिंदी मीडियम' के सीक्वल 'इंग्लिश मीडियम' की शूटिंग शुरू करेंगे.
एक्टर इरफान खान ने 5 मार्च, 2018 को ट्वीट कर किसी रेयर बीमारी का शिकार हो जाने की बात बताई. इसके ठीक दस दिन बाद यानी 16 मार्च, 2018 को उन्होंने एक और ट्वीट कर अपनी इस बीमारी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उन्हें न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर है. अपनी इस बीमारी की इलाज के लिए वो लंदन चले गए थे. उनके आसपास मौजूद लोग और फैंस में इस खबर के बाद खलबली मच गई. दवाओं-दुआओं का दौर शुरू हो गया है. तकरीबन साल भर उस बीमारी से लड़ने के बाद इरफान इसी साल फरवरी में इंडिया लौटे हैं. तब से लेकर अब तक छुप्पम-छुपाई का खेल चल रहा था. इरफान भी मास्क वगैरह लगाकर घूम रहे थे. 2 अप्रैल को उन्होंने खुद को मुंबई एयरपोर्ट पर अनमास्क किया. और इसके बाद एक लेटर लिखकर अपने फैंस का शुक्रिया अदा किया. लेटर ऐसा मानो इरफान ने अपना दिल ही निकालकर कीबोर्ड पर रख दिया हो. पहले आप उनका वो लेटर देख लीजिए- irrfan इस लेटर का हिंदी तर्जुमा हम आपको नीचे पढ़वा रहे हैं-
जीत के पीछे भागते-भागते हम ये भूल जाते हैं कि लोगों का प्यार हमारे लिए कितना मायने रखता है. इस प्यार का एहसास हमें तब होता है, जब हम किसी बुरे दौर से गुज़र रहे होते हैं. ज़िंदगी के सफर में जब मैं पलटकर अपने पैरों के निशान देखता हूं, तो मैं एक पल ठहर जाना चाहता हूं. और उन ठहरे पलों में आपका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. आपके बेशुमार प्यार और साथ के लिए, जिसने ठीक होने में मेरी मदद की. मैं अपना वो सफर पूरा कर वापस आपके पास आ गया हूं. तहे दिल से आप सबका शुक्रिया.
अपनी बीमारी के दौरान भी इरफान ने एक खत लिखा था, जिसमें उन्होंने अपनी इस बीमारी को, उस समय को, उस समय अपने भीतर उठ रही बातों  को समझने की एक कोशिश की थी. उनके उस खत का एक छोटा सा अंश आपको नीचे पढ़वा रहे हैं:
इस हड़बोंग, सहम और डर में घबराकर मैं अपने बेटे से कहता हूं- आज की इस हालत में मैं केवल इतना ही चाहता हूं. मैं इस मानसिक स्थिति को हड़बड़ाहट, डर, बदहवासी की हालत में नहीं जीना चाहता. मुझे किसी भी सूरत में मेरे पैर चाहिए, जिन पर खड़ा होकर अपनी हालत को तटस्थ हो कर जी पाऊं. मैं खड़ा होना चाहता हूं. ऐसी मेरी मंशा थी, मेरा इरादा था… कुछ हफ़्तों के बाद मैं एक अस्पताल में भर्ती हो गया. बेइंतहा दर्द हो रहा है. यह तो मालूम था कि दर्द होगा, लेकिन ऐसा दर्द… अब दर्द की तीव्रता समझ में आ रही है…कुछ भी काम नहीं कर रहा है. ना कोई सांत्वना और ना कोई दिलासा. पूरी कायनात उस दर्द के पल में सिमट आई थी… दर्द खुदा से भी बड़ा और विशाल महसूस हुआ. मैं दर्द की गिरफ्त में हूं. और फिर एक दिन यह अहसास हुआ… जैसे मैं किसी ऐसी चीज का हिस्सा नहीं हूं जो निश्चित होने का दावा करे… ना अस्पताल और ना स्टेडियम. मेरे अंदर जो शेष था वह वास्तव में कायनात की असीम शक्ति और बुद्धि का प्रभाव था… मेरे अस्पताल का वहां होना था. मन ने कहा…केवल अनिश्चितता ही निश्चित है.
इरफान का लिखा ये पूरा खत  यहां क्लिक कर पढ़ सकते हैं. अगर वर्क फ्रंट पर देखें, तो इरफान की बीमारी के दौरान उनकी फिल्म 'कारवां' रिलीज़ हुई थी, जो उन्होंने बीमार होने से पहले शूट कर ली थी. उसके बाद से मामला ठंडा पड़ा हुआ था. लेकिन अब इरफान जल्द ही अपनी अगली फिल्म 'इंग्लिश मीडियम' की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. इस फिल्म से जुड़ी तमाम जानकारियों के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
वीडियो देखें: इरफान किस बीमारी से जूझ रहे थे?

Advertisement
Advertisement