The Lallantop

राज्यसभा में वेंकैया नायडू ने राघव चड्ढा को बताया, कैसा होता है 'पहला प्यार'!

नायडू ने कहा- 'प्यार तो पहला ही होता है न!'

Advertisement
post-main-image
वेंकैया नायडू और राघव चड्ढा.

राज्यसभा में भारत के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के विदाई भाषण में प्यार का भी जिक्र आ गया. चूंकि प्यार का मामला था, वो भी पहला प्यार, तो इस पर चर्चा आगे बढ़नी जायज थी. भले ही मौका विदाई का था, सदन में उदासी का माहौल था, लेकिन प्यार के जिक्र ने कुछ पल के लिए ही सही, सांसदों के बीच हंसी का माहौल बना दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दरअसल आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के लिए विदाई भाषण दे रहे थे. इसी दौरान उन्होंने कहा,

'सर, हर व्यक्ति को अपना पहला अनुभव जो होता है वो याद रहता है. स्कूल का पहला दिन, पहला स्कूल प्रिंसिपल, पहली टीचर, पहला प्यार. इस सदन में मैं जब आया, जब मैंने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत की, तो आप मेरे पहले चेयरमैन रहे और इसे मैं हमेशा याद रखूंगा.'

Advertisement

उन्होंने आगे कहा,

'ये मेरा सौभाग्य है कि जब मैंने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत की तो आपका संरक्षण मुझे प्राप्त था. लेकिन ये मेरा दुर्भाग्य भी है कि सिर्फ एक ही सत्र में आपके संरक्षण में मुझे काम करने का मौका मिला...मैं आपको सफल कार्यकाल समाप्त करने पर बहुत बधाई देता हूं.'

हालांकि राघव का भाषण समाप्त होने के बाद वेंकैया नायडू ने कुछ ऐसा बोला कि सारा सदन ठहाकों से गूंज उठा. उपराष्ट्रपति ने कहा, 

Advertisement

'राघव, मेरे खयाल से प्यार तो एक ही होता है न! ये दूसरी या तीसरी बार तो नहीं होता है न! प्यार तो पहला ही होता है न.'

इस पर राघव चड्ढा ने मुस्कुराते हुए कहा, 

'मैं इतना अनुभवी नही हूं सर. अभी जीवन में इतना अनुभव नहीं हुआ, लेकिन अच्छा होता है सर.'

इस पर हंसते हुए नायडू ने कहा, 

'पहला प्यार अच्छा होता है और वही हमेशा रहना चाहिए...जिंदगी भर...'

इस बीच पीछे से एक सांसद ने हरिवंश राय बच्चन की एक कविता सुना दी, 

'नीड़ का निर्माण फिर-फिर, नेह का आह्वान फिर-फिर…बार-बार होता है.'

इस पर वेंकैया नायडू ने उन्हें बैठने का इशारा करते हुए कहा, 'ठीक है, थैंक्यू.'

वेंकैया नायडू आगामी 10 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद से रिटायर हो जाएंगे. इसी को लेकर उनका विदाई भाषण राज्यसभा में चल रहा है. सदन के सभी सदस्यों की ओर से सोमवार शाम को जीएमसी बालयोगी सभागार में नायडू के लिए एक और विदाई समारोह होगा. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के कार्यकाल पर एक बुकलेट जारी करेंगे.

वीडियो: स्कूलों की छुट्टी का मामला पहुंचा संसद, बीजेपी के निशिकांत दुबे ने कांग्रेस से पूछे सवाल

Advertisement