फोन बचाने के लिए महिला झील में कूदने जा रही थी, लेकिन उसे लोगों ने बचा लिया.
आईफोन की कोई भी नई सीरीज लॉन्च होती है, तो उसके बाद अजीबो-गरीब खबरों की बाढ़ आ जाती है. आईफोन खरीदने के लिए की चोरी, आईफोन के लिए हत्या, आईफोन के चक्कर में लिया लोन, आईफोन झपटकर भागा चोर वगैरह-वगैरह. ऐसा हर बार ऐसा होता है. कोई और भी फोन की सीरीज हो तो आईफोन की जगह पर उसका नाम बदल जाता है, लेकिन खबरें कमोबेश ऐसी ही रहती हैं. ये तो हुई शौक पूरी करने की बात, जिसके लिए आदमी जितना चाहे नीचे गिर जाता है. लेकिन क्या कोई फोन के लिए अपनी जान भी दांव पर लगा सकता है. जवाब तो होगा कि नहीं, लेकिन ऐसा हुआ है. फर्क ये है कि मामला अपने देश का नहीं, यूनान का है. यहां की एक महिला ने अपने फोन के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी है, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. पहले आप इस वीडियो को देखिए.
इस महिला का नाम है लियू. वो अपने दोस्तो के साथ घूमने के लिए यूनान प्रांत जा रही थी. सभी लोग एक शिप से इरहाई झील को पार कर रहे थे. इस दौरान वो महिला अपने फोन से फोटो खींच रही थी, अचानक शिप को झटका लगा और उसका फोन झील में गिर गया. इसे देखते ही वो महिला चिल्लाने लगी. उसका दावा था कि उसके फोन में कुछ जरूरी सूचनाएं हैं. वो अपने फोन को खोजने के लिए शिप से झील में कूदने ही जा रही थी कि शिप पर काम कर रहे लोगों और उसके दोस्तों ने हाथ पकड़कर उसे वापस खींच लिया. महिला फिर भी नहीं मानी तो शिप के कर्मचारियों ने एक नई शिप मंगवाई और कुछ लोगों को झील में उतारा. अखबार डेली मेल के मुताबिक शिप के कर्मचारियों ने बताया कि झील काफी गहरी है. इसकी गहराई तकरीबन 23 फीट है और उसमें नीचे घास भी है. इसकी वजह से काफी खोजने के बाद भी महिला का फोन नहीं मिल पाया, जिसके बाद उसने आगे जाने से इनकार कर दिया. शिप के कर्मचारियों के मुताबिक एक दूसरी शिप मंगवाकर महिला को वापस भेज दिया गया और पर्यटकों से भरा शिप यूनान चला गया.

महिला वापस चली गई. वो फिर से नया फोन खरीद सकती है, फिर से अपने दोस्तों से बात कर सकती है और वो हर काम कर सकती है, जो वो अपने फोन से किया करती थी. आपके साथ भी ऐसा होता होगा. फोन चोरी हो जाना या गिर जाना एक सामान्य प्रक्रिया है. कुछ देर के लिए कष्ट भी होता होगा, लेकिन इसके लिए अपनी जान दांव पर लगा देने को ठेठ भाषा में पागलपन ही कहा जा सकता है.
वीडियो में देखें लल्लनटॉप बुलेटिन
ये भी पढ़ें: किरन बेदी ने पीएम मोदी की मां का फ़ेक वीडियो ट्वीट किया मणिपुर के मुख्यमंत्री ने भी बिना जांचे-परखे ये वीडियो शेयर कर दिया इंटरनेट पर नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री की फोटो वायरल हो रही है, वजह बहुत अच्छी है