The Lallantop

बीजेपी-कांग्रेस चुनाव-चुनाव खेल रहे हैं, गुजरात के अस्पताल में 18 बच्चों की मौत हो गई है

जैसा गोरखपुर में हुआ था, कुछ वैसा ही कांड अहमदाबाद में हुआ है.

Advertisement
post-main-image
72 घंटों में 18 बच्चों की मौत हो चुकी है. (सांकेतिक तस्वीर)
अहमदाबाद के नरोडा इलाके के एक शख्स के यहां 20 अक्टूबर को बच्चा पैदा हुआ. लोग बधाई दे रहे थे. घर में खुशियों का माहौल था. बच्चे का वजन थोड़ा कम था. पिता को लगा उसे अस्पताल में दाखिल करवाना चाहिए. वो बच्चे को लेकर अहमदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचे. 28 तारीख तक बच्चा बिल्कुल ठीक था. अचानक अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी कि बच्चे की मौत हो गई है. मौत की खबर के अलावा अस्पताल के किसी भी जिम्मेदार ने वजह बताना भी मुनासिब नहीं समझा.
ये कहानी बस एक बच्चे की नहीं है. इस अस्पताल में 25 से 28 अक्टूबर के बीच 72 घंटों में 18 बच्चों की मौत हो चुकी है. 27 से 28 अक्टूबर यानी कुल 24 घंटे में इस अस्पताल में 9 बच्चों की मौत हो चुकी है. मरने वालों में पांच बच्चे लुनावाड़ा, सुरेंदरनगर, मनसा, विरमगाम और हिम्मतनगर के अलग-अलग अस्पतालों से लाए गए थे, जबकि चार बच्चे इसी अस्पताल में पैदा हुए थे. अस्पताल प्रशासन कह रहा है कि लाए गए बच्चे और यहां पैदा हुए बच्चे सभी गंभीर रूप से बीमार थे और उनकी मौत अस्वाभाविक नहीं है. अस्पताल प्रशासन के मुताबिक -
"बाहर से लाए गए और यहां पैदा हुए बच्चों का वजन 1.1 किलो के करीब का था. सामान्य तौर पर किसी नवजात का वजन 2.5 किलो होना चाहिए. इन बच्चों को एस्फिक्सिया, एक्स्ट्रीम प्रीटर्म बर्थ एस्फिक्सिया और मेकोनियम एस्प‍िरेशन सिंड्रोम जैसी बीमारियां थीं. घटना के समय सभी डॉक्टर्स और नर्स नियोनैटल इंटेन्सिव केयर यूनिट में अपनी ड्यूटी पर थे."
infaints gujrt 1
24 घंटे में अस्पताल में 9 बच्चे दम तोड़ चुके हैं. (सांकेतिक तस्वीर)

वहीं बच्चों के घरवालों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है -
"अहमदाबाद का सिविल अस्पताल गुजरात के बच्चों के लिए अंतिम रेफरल सेंटर है. यानी यहां पर बच्चों के लिए पूरे प्रदेश में सबसे बेहतर सुविधाएं मौजूद हैं. अस्पताल 100 बेड का है, जिसमें बच्चों से जुड़ी हर बीमारी का इलाज किया जाता है. फिर भी यहां मौत हुई है, तो इसके पीछे अस्पताल प्रशासन की लापरवाही ही है."

कांग्रेस ने लगाए आरोप

गुजरात में चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद से ही राजनीति चरम पर है. बच्चों की मौत होने के मामले को कांग्रेस ने भी लड़ाई के हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने ट्वीट कर कहा है कि गुजरात सरकार को इसके लिए जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार या तो ये स्वीकार करे कि डॉक्टरों ने लापरवाही की या ये माने कि उनकी माताएं कुपोषित थीं.
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर गुजरात सरकार पर सवाल खड़े किए हैं. वही कांग्रेस नेता अर्जुन मोढवाडिया ने कहा कि एक दिन में 9 बच्चों की खबर सुनकर वे बेहद दुखी हैं, यह घटना सरकार के स्वास्थ्य के बारे में लापरवाह और सुस्त रवैए को उजागर करती है.

अस्पताल ने बिठाई जांच

infaints gujrt
अहमदाबाद के इस सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं मौजूद हैं.

24 घंटे में 9 बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और उसने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यों की कमेटी बना दी. इस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. आरके दीक्षित ने कहा कि इस अस्पताल में अच्छी से अच्छी सुविधाएं मौजूद हैं. इतने बच्चों की मौत क्यों हुई, इसकी जांच वो 29 अक्टूबर तक कर लेंगे.
ये भी पढ़ें:
गोरखपुर में मारे गए बच्चों की कहानी सालभर पहले बता दी गई थी

यूपी के फर्रुखाबाद में गोरखपुर पार्ट-2 हुआ है

गोरखपुर भूल गए हो तो जान लो अब इस राज्य में एक महीने में 52 बच्चे मर गए

Video में देखें गुजरात से जुड़ी खबरेंः

Advertisement
Advertisement