The Lallantop

यूपी में बन रहे उन 3 बड़े एक्सप्रेस-वे की स्थिति क्या है, जो आपका सफर आधा कर देंगे

इनमें यूपी का सबसे लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे भी शामिल है

Advertisement
post-main-image
602 किमी की लम्बाई में यूपी का सबसे बड़ा गंगा एक्सप्रेसवे बनने जा रहा है. (फोटो इंडिया टुडे)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार 16 नवंबर को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया. यह हाईवे लगभग 341 किलोमीटर लम्बा है. इस हाईवे को बनाने में करीब 22 हज़ार करोड़ रूपए का ख़र्च आया है. इसकी ख़ास बात यह है कि इसमें 3.2 किलोमीटर लंबी एक हवाई पट्टी भी बनाई गई है, जिससे आपातकाल की इस स्थिति में यहां हवाई जहाज़ भी उतारे जा सकते हैं.
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तो अब जनता के लिए बनकर तैयार हो चुका है. लेकिन इसके अलावा भी उत्तर प्रदेश में ऐसे कई हाईवेज/एक्सप्रेस-वेज हैं, जिनका निर्माण कार्य कुछ साल पहले ही शुरू हुआ है. आज हम जानेंगे कि ऐसे हाइवेज की इस समय क्या स्थिति है. साथ ही यह भी कि इनकी खूबियां क्या हैं?

बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे

यह एक्सप्रेस वे कुल 296.070 किलोमीटर की लम्बाई में बनाया जा रहा है. यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे एवं यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से जोड़ेगा. इस हाईवे की बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका रहने वाली है.
ये एक्सप्रेस-वे यूपी के चित्रकूट जिले में स्थित झांसी-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-35 के पास से शुरू होगा. फिर इटावा जिले में स्थित कुदरैल गांव के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जाकर जुड़ जाएगा.
इस एक्सप्रेस-वे के बनने से कई जनपदों को फायदा पहुँचने वाला है, जिनमें चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरेया, इटावा जनपद शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार यह एक्सप्रेस वे 08 नवंबर 2021 तक 75 प्रतिशत बन चुका है और इसे बनाए का काम तेजी से चल रहा है. बेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक इस प्रोजेक्ट पर कुल 7766.80 करोड़ रुपए का खर्च आएगा.

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे

गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे की लंबाई 91.352 किमी होगी. इस परियोजना में 5876.67 करोड़ रुपए की लागत लगने वाली है. इस एक्सप्रेस-वे की शुरुआत गोरखपुर बाईपास (राष्ट्रीय राजमार्ग-27) पर स्थित जैतपुर गांव से होगी. इसके बाद यह आजमगढ़ जिले में सालारपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जाकर मिल जाएगा. यह हाइवे गोरखपुर, आजमगढ़, अम्बेडकरनगर, सन्त कबीरनगर जनपद से होकर गुजरेगा.
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार इस हाइवे को दो पैकेज में बनाया जा रहा है. इसमें पहले पैकेज का निर्माण कार्य मेसर्स एप्को इन्फ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 10 फरवरी 2020 से शुरू किया गया है. जबकि इसके दूसरे पैकेज का निर्माण 19 जून 2020 से शुरू हुआ है जिसे मेसर्स दिलीप बिल्डकॉन द्वारा बनाया जा रहा है.

गंगा एक्सप्रेस-वे

गंगा एक्सप्रेस-वे को यूपी का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे बताया जा रहा है. इसकी लंबाई तकरीबन 602 किमी होगी. यह हाइवे मेरठ से प्रयागराज तक बनने जा रहा है. टीवी-9 भारत की खबर के अनुसार इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने करने वाले हैं. इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 95 प्रतिशत से ज्यादा जमीन खरीदी जा चुकी है. यह एक्सप्रेस-वे यूपी के हापुड़, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव आदि जिलों से होते हुए प्रयागराज पहुंचेगा.
Ganga 1
गंगा एक्सप्रेस-वे

Advertisement
Advertisement