The Lallantop

पराए देश में आइसक्रीम बेचने वाली ये औरत, रोज़ गांधीजी को क्यों नहलाती है?

वजह पूछने पर मिला ये शानदार जवाब.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
अभिलाष कौशिक.
अभिलाष कौशिक.

अभिलाष कौशिक हमारे रेगुलर पाठक हैं. हम पर मुहब्बत लुटाते रहते हैं. आचेन, जर्मनी में रहते हैं. दुनियाभर में घूमने के शौक़ीन हैं. जहां कुछ भी अच्छा नज़र आता है हमसे शेयर करते हैं. तस्वीरें भेजते हैं. हाल ही में सर्बिया गए थे. वहां से उन्होंने हमें एक रोचक किस्सा भेजा है. सोचा, क्यों न पाठकों के साथ साझा किया जाए! पढ़िए, उन्हीं की ज़ुबानी...


जब हम सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में उतरे, तो हमें किसी ऐसी चीज़ की तलाश थी, जिसका रिश्ता हम भारत से जोड़ सकें. हम बहुत से मुल्क घूमे हैं. उन सबमें सर्बिया ही इकलौता ऐसा मुल्क था, जहां मैंने एक भी इंडियन नहीं देखा था.
हमने गूगल बाबा की मदद से अपनी तलाश शुरू की, जो हमारे होटल के मैनेजर पर जाकर ख़त्म हुई. आख़िरकार हमें एक ऐसी सड़क का पता चला, जिसे महात्मा गांधी का नाम दिया गया था. जब 1970 में नया बेलग्रेड बस रहा था, तब भारत के लिए आभार प्रदर्शित करने के इरादे से सर्बियन सरकार ने दो सड़कों को भारतीय लीडर्स के नाम देने का फैसला किया. एक जवाहरलाल नेहरू के नाम पर और एक महात्मा गांधी के नाम पर. हमने थोड़ी ज़्यादा छानबीन की और कुछ आर्टिकल्स खंगाले. पता चला कि 2 अक्टूबर 2007 को जब यूएन ने नॉन-वायलेंस डे (अहिंसा दिवस) घोषित किया, तो उसी दिन सर्बिया की सरकार ने गांधी जी की एक मूर्ति स्थापित की थी.
जब हमने इंटरनेट पर मूर्ति का अता-पता ढूंढने की कोशिश की, तो कोई सुराग नहीं मिल पाया. हमने डिसाइड किया कि सड़क पर जाकर खोजते हैं. हम निकल पड़े. सड़क काफी लंबी थी. खोजते-खोजते हम सड़क के उस सिरे तक जा पहुंचे, जो नदी किनारे था. साथ-साथ हम स्थानीय लोगों से भी पूछ रहे थे, लेकिन किसी को कोई आईडिया नहीं था. हमारे लोकल दोस्त और गाइड की एक आइसक्रीम बेचने वाली बूढ़ी महिला से मुलाक़ात हुई. उसने उनसे सर्बियन भाषा में मूर्ति के बारे में पूछा. वो हमें उस जगह ले गईं, जहां मूर्ति लगी हुई थी.
गांधीजी के के नाम पर बेलग्रेड, सर्बिया की सड़क.
गांधीजी के के नाम पर बेलग्रेड, सर्बिया की सड़क.

जब हम वहां पहुंचे तो उस जगह की हालत देखकर दंग रह गए. उस बूढ़ी औरत ने हमें बताया कि इस जगह पर काफी लंबे अरसे से कोई नहीं आया है. गांधीजी की मूर्ति साफ़-सुथरी थी. औरत ने बताया कि वो रोज़ अपने घर से पानी लाकर उस मूर्ति को धोती है. उसे साफ़ रखती है. हम बहुत हैरान हुए. हमने उनसे तुरंत पूछा कि वो ऐसा क्यों करती है? उनका जवाब शानदार था. उन्होंने कहा,
“मैं नहीं चाहती कि सर्बिया की ऐसी इमेज बने कि वो दुनिया के सबसे बड़े अहिंसक नेता का आदर नहीं करता.”
हमने उनसे कहा कि वो अपनी एक तस्वीर खींचने दे. ताकि हम स्टोरी के साथ उसे पब्लिश कर सके. उन्होंने साफ़ मना कर दिया. कहा कि वो ये सब नाम के लिए नहीं करती हैं. उन्होंने हमसे ये आग्रह भी किया कि हम इस जगह पर गांधीजी के नाम की तख्ती लगाने का जुगाड़ करें. ताकि लोगों को पता चल सके कि ये किस महान हस्ती का पुतला है.
गांधीजी का पुतला.
गांधीजी का पुतला.

आज भारत के अंदर ही गांधी को गालियां देना फैशनेबल माना जाता है. वहीं दूर देश की किसी अंजान सड़क पर कोई अंजान महिला उनके सम्मान के लिए चिंतित है. ये कहानी खुश तो करती ही है, विश्वनायक के तौर पर महात्मा गांधी की स्वीकार्यता को पुरज़ोर ढंग से रेखांकित करती है.


ये भी पढ़ें:

जिस तरह इधरवाले गोडसे को पूजते हैं, उधरवाले इस लड़के को हीरो मानते हैं

Advertisement

‘क़त्ल करने वाली भीड़ का हिस्सा बनने को हम तैयार नहीं हैं’

आप राक्षस हैं, आम मुसलमान से चिढ़ते हैं, उससे डरते हैं आप

Advertisement

Advertisement
Advertisement