The Lallantop

यूट्यूबर ने गहने दिखाकर वीडियो बनाया, चोर घर में घुसे और उठाकर ले गए

मध्य प्रदेश के शिवपुरी की एक यूट्यूबर द्वारा घर और गहनों का वीडियो साझा करने के कुछ दिन बाद चोरों ने घर में घुसकर 8-10 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली.

Advertisement
post-main-image
यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर चोरी हुई है. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • मध्य प्रदेश के शिवपुरी में यूट्यूबर रचना गुर्जर के घर से 8 से 10 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी हो गई, जिसमें चोर सीसीटीवी कैमरे का एंगल भी मोड़ चुके हैं।
  • रचना गुर्जर ने हाल ही में अपने घर और कीमती सामानों का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया था, जिससे चोरों को घर की नक्शा और गहनों के बारे में जानकारी मिली।
  • पुलिस ने चोरी की शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है, जिसमें वीडियो फुटेज और यूट्यूब वीडियो की भूमिका की जांच भी शामिल है।

मिठाई खुले में है तो मक्खियां आएंगी ही. सोना दिखेगा तो चोर लगेंगे ही. समाज में सुरक्षा का यही पैमाना है. ये अलग बात है कि अब चोरों में कानून का थोड़ा डर होता है. लेकिन कुछ दुस्साहसी चोर भी होते हैं, जो लाठी से सीसीटीवी कैमरे का मुंह मोड़ देते हैं. आराम से सोना-चांदी चुरा ले जाते हैं. ये कपोल कल्पना नहीं है. मध्य प्रदेश के शिवपुरी में यही हुआ है. यहां एक यूट्यूबर के घर से 8 से 10 लाख रुपये के सोने के गहने चोरी हुए हैं. चोरों को एनर्जी ड्रिंक का कार्टन मिला तो वह भी उठा ले गए. चोरी में भी मेहनत तो लगती ही है. ‘एनर्जी’ तो चाहिए. 

Advertisement

बताया गया कि जिसके घर में चोरी हुई, उसने कुछ दिन पहले ही अपने गहने-पैसे दिखाते हुए एक वीडियो बनाकर यूट्यूब पर डाला था. इस वीडियो में घर के चप्पे-चप्पे के सीन थे. यानी गहनों की मालकिन व्यूज और लाइक्स के चक्कर में लापरवाही कर बैठी. चोरों को खुला न्योता ही दे दिया. 

गहने दिखाने वाली यूट्यूबर के घर में घुसे चोर

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवपुरी की रहने वाली रचना गुर्जर गृहिणी हैं. एक पर्सनल यूट्यूब चैनल चलाती हैं. उनके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स भी हैं. हाल ही में उन्होंने अपने घर का एक वीडियो बनाकर यूट्यूब पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में उन्होंने अपनी लैविश लाइफस्टाइल दिखाई थी. अपने शानदार घर, गहने और नकदी तक के वीडियो बनाए और यूट्यूब पर पोस्ट किया. उन्होंने गहने, पैसे और घर के बाकी कीमती सामान एक टेबल पर रखकर वीडियो बनाया. घर के कोने-कोने का सीन भी रिकॉर्ड किया. 

Advertisement

अब अंधा क्या चाहे दो आंखें. चोर को क्या चाहिए. धन-धान्य का पता. वहां तक जाने का रास्ता. पूरा मैप. वो सब तो रचना गुर्जर ने वीडियो में ही दिखा दिया. शनिवार, 6 जून की रात की बात है. घड़ी में दो बजे थे. रचना गुर्जर और उनका परिवार गहरी नींद में सो रहा था. ठीक इसी वक्त चोर घर में घुसे. उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसमें परिवार चैन की नींद ले रहा था. सीसीटीवी कैमरे का मुंह लाठी से मोड़ दिया ताकि उनका भी वीडियो कल को किसी यूट्यूब चैनल पर न दिखे. 

एनर्जी ड्रिंक का गत्ता चुरा ले गए

इसके बाद चोरों ने इत्मीनान से चोरी की. सोने-चांदी के गहने, पैसे और यहां तक कि 8-10 हजार के एनर्जी ड्रिंक का एक कार्टन तक लेकर फरार हो गए. रचना गुर्जर और उनके परिवार को सुबह 4 बजे चोरी का पता चला. वो सोकर उठे तो कमरा बाहर से बंद था. उन्होंने अपने किसी रिश्तेदार को फोन कर बुलाया. जिसके बाद कमरे का दरवाजा खुला और वो बाहर आए.

उन्होंने पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई. बताया कि तकरीबन 7 से 8 लाख की चपत लगी है. शिवपुरी के एएसपी संजीव मुले ने चोरी की पुष्टि की है. उन्होंने बतया कि केस दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम तेज कर दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. इसमें एक चोर लाठी से सीसीटीवी कैमरे का एंगल बदलते दिख रहा है. 

Advertisement

पुलिस को शक है कि चोर गांव के आसपास के इलाके के हो सकते हैं. यह भी आशंका है कि उनमें से कोई पीड़ित के घर-परिवार का परिचित हो, जिसे गहनों के बारे में पहले पता रहा हो. 

पुलिस चोरी में यूट्यूब चैनल वाले वीडियो के रोल की भी जांच कर रही है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि चोरों ने भी ये वीडियो देखा होगा. ऐसे में संभव है कि चोरी की साजिश में उन्होंने इसका इस्तेमाल भी किया होगा. 

वीडियो: ममता बनर्जी के 14 TMC सांसदों की BJP से सीक्रेट मीटिंग, क्या हुई डील?

Advertisement